मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर थलौट के समीप कार और बस की टक्कर में चंडीगढ़ के दो पर्यटकों की मौत हो गई है। जबकि, एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे नगवाईं अस्पताल से कुल्लू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। मृतक पर्यटकों की पहचान नहीं हो पाई है।
थलौट के पास कार और सरकारी बस की टक्कर हो गई। परिवहन निगम की बस मनाली से चंडीगढ़ की तरफ जा रही थी और पर्यटक कार चंडीगढ़ से मनाली की तरफ जा रही थी। थलौट के समीप मोड़ के पास दोनों वाहनों में जारेदार टक्कर हो गई। जिसमें घायल तीन पर्यटकों को पहले नगवाईं अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां पर एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि दो घायलों को कुल्लू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान दूसरे व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति का कुल्लू अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पताल में 108 एंबुलेंस से पहुंचाया।
पुलिस हादसे में मृतक व घायलों की पहचान कर रही है। सभी पर्यटक चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। थाना प्रभारी औट अजय कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।