मनाली-लेह मार्ग स्थित सिस्सू नर्सरी के पास एक एलपी ट्रक भूस्खलन की चपेट में आ गया। हालांकि इसमें किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 6:00 बजे के आसपास सिस्सू नर्सरी के पास अचानक पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। जिसकी चपेट में मनाली से केलांग जा रहा एक ट्रक आ गया। सड़क से मलबा हटाने और ट्रक के बीच सड़क पर फंसने से मनाली से केलांग जा रही निगम की बस के साथ कई ट्रक और छोटे वाहन दोनों तरफ से फंस गए। करीब एक घंटे तक मनाली-केलांग-मनाली मार्ग अवरूद्ध रहा। सूचना के बाद बीआरओ की मशीन मौके पर पहुंची और और कड़ी मशक्कत के बाद मनाली-केलांग सड़क को यातायात के लिए बहाल किया गया। सीमा सड़क संगठन बीआरओ के सहायक अभियंता बीडी धीमान ने बताया कि भूस्खलन की सूचना मिलते ही मशीन मौके पर भेजा गया और सड़क को बहाल कर दिया है।
विज्ञापन
निगुलसरी के पास बहाल नहीं हो पाया एनएच-5
किन्नौर जिले के निगुलसरी में पहाड़ी दरकने से बाधित नेशनल हाईवे-पांच चार दिन बाद भी यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। जिले की 73 पंचायतें अभी भी देश दुनिया से कटा हुई हैं। ऐसे में जिले के हजारों लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। हालांकि एनएच बहाली का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और अब तक करीब 330 मीटर सड़क का निर्माण कर दिया गया है, जबकि चट्टानी इलाके में सड़क निर्माण में अभी और वक्त लगेगा।