बॉलीवुड फिल्म पद्मावती के विरोध की चिंगारी ने हिमाचल में उग्र रूप धारण कर लिया है। सोलन जिले के बद्दी में लोगों ने यहां विरोध स्वरूप फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली का पुतला भी फूंका।
हिंदू जागरण मंच के बैनर तले दो किलोमीटर लंबा विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें बद्दी साईं मार्ग पर ऑटो स्टैंड से लेकर सनसिटी सिनेमा तक प्रदर्शन में सैकड़ों सदस्यों ने हुंकार भरी।
पूरे देश में जहां इस फिल्म को लेकर विरोध प्रदर्शन चल रहा है। अब हिमाचल भी इस आग से अछूता नहीं रहा। पहले युवाओं ने पुतले को पीटकर गुस्सा निकाला और उसके बाद इसे आग के हवाले कर दिया। जोरदार प्रदर्शन के बाद सनसिटी सिनेमा के मैनेजर मोहित चौहान व दीपक ने कहा कि बद्दी में इस फिल्म को नहीं चलाया जाएगा।
न ही फिल्म का ट्रेलर और न ही पोस्टर लगाए जाएंगे। राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष राविंद्र सिंह ठाकुर, मुख्य वक्ता राजेश जिंदल, युवा मंडल के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, परमजीत सिंह पम्मी, हिंदू जागरण मंच नालागढ़ के संयोजक ऋषि ठाकुर, धर्म जागरण प्रमुख
शिमला मंडल के संदीप सचदेवा, पतंजलि युवा भारत सोलन के किशोर ठाकुर, हिमालय जन कल्याण समिति के अध्यक्ष रणेश राणा, राजस्थान विकास परिषद के एसपी वर्मा, नरेंद्र सिंह शेखावत समेत अन्य वक्ताओं ने प्रदर्शन में युवाओं को संबोधित किया।
सिनेमाघर के बाहर तैनात रही पुलिस
वक्ताओं ने कहा कि भारत के गौरवशाली इतिहास को फिल्मकार पैसे कमाने के लिए तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं। रानी पद्मावती के किरदार और उनकी महान शख्सीयत का फिल्म में सरेआम मजाक बनाया गया है।
हिंदू इस अपमान को कतई सहन नहीं करेगा। इस अवसर हिंद मजदूर सभा के प्रदेशाध्यक्ष मेला राम चंदेल, जनशक्ति मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष राज कुमार चौधरी, ईश्वर ठाकुर, बद्दी विकास मंच के अध्यक्ष बेअंत ठाकुर, संजीव कौशल, जितेंद्र जिंदू, गोगू ठाकुर, टीहरा, रवि, रिंकू, काकू, नीलू, मंजोत, हनी, चंदन, सोढी, राजू, सोनू, विक्की, बिल्लू, महेश, विशाल, रोहित, रिकूं, विपिन, शशि कांत बिहारी आदि मौजूद रहे।
बद्दी के सनसिटी सिनेमा में युवाओं के हुजूम को देखकर एक बार तो सिनेमा मालिकों के हाथ पांव फूल गए। कुछ ही देर में प्रदर्शनकारियों को चारों ओर से पुलिस बल ने घेर लिया।
प्रदर्शन की समाप्ति तक किसी भी अनहोनी और तोड़फोड़ की आशंका के चलते पुलिस बल तैनात रहा। एसपी बददी राहुल नाथ ने कहा कि देशहित में पुलिस जनता के साथ खड़ी है।
संजय लीला भंसाली का पुतला फूंका
अंब (ऊना)। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने फिल्म पद्मावती के विरोध में रविवार को ज्वार में संजय लीला भंसाली और दीपिका पादुकोन का पुतला फूंका। सभा की ज्वार इकाई के प्रधान संजीव जसवाल, महासचिव संजीव ठाकुर, संदीप, हरदीप, सचिन राणा, विजय कुमार, अशोक कुमार, मदन, बलदेव, बलबीर, पम्मी, शाम, साहिल, अजय कुमार, विवेक, हैप्पी ने कहा कि फिल्म के जरिये
राजपूत बिरादरी के समृद्ध इतिहास के साथ छेड़छाड़ को समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। फिल्म निर्माता-निर्देशक ने अपनी गलत सोच के चलते समुदाय विशेष के लोगों की भावनाओं को आहत किया है। इसके लिए संजय लीला भंसाली और अभिनेत्री को अपने इस कृत्य के लिए समाज से माफी मांगनी चाहिए।
राजपूत सभा ने किया ‘पद्मावती’ का विरोध
ऊना। हिमाचल प्रदेश राजपूत सभा ने निदेशक संजय लीला बंसाली की ओर से बनाई गई फिल्म ‘पद्मावती’ का विरोध किया है। राजपूत सभा के प्रधान भूपिंद्र ठाकुर ने कहा कि इतिहास जिसे हमारे पूर्वजों ने अपनी कुर्बानियों से सींचा है, उसको पैसे या मनोरंजन का साधन बनाना निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि फिल्म में राजपूत वीरांगनाओं के इतिहास से छेड़छाड़ ही नहीं, उसमें नारी जाति का भी अपमान किया गया है। राजपूतों के गौरवमयी इतिहास के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ राजपूत बर्दाश्त नहीं करेंगे।
भूपिंद्र ठाकुर ने कहा कि किसी को हक नहीं कि वह देश के इतिहास से खिलवाड़ कर लोगों की भावनाओं से खेले। कहा कि संजय लीला भंसाली की फिल्म में पद्मावती को पुरुषों के सामने डांस करते हुए दिखाया है, जो बेहद अपमानजनक है।
इसको राजपूत समाज कभी सहन नहीं करेगा। सभा के प्रधान के अलावा विजय राणा, यशपाल ठाकुर, अंकित राणा, मोहित राणा, रजत राणा, रोहित रायजादा, काकू, रोहित राणा, बीनू राणा, अरूण राणा, अभिनव रायजादा व अंकुश राणा ने विरोध जताया है।