अक्षर ए, बी, सी, डी सिलिंडर के टेस्टिंग महीनों को दर्शाते हैं। ए जनवरी, फरवरी, मार्च, बी अप्रैल, मई, जून, सी जुलाई, अगस्त, सितंबर और डी अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर। इसके साथ अंक भी लिखे होते हैं, जैसे 27, यह साल दर्शाते हैं। अगर सिलिंडर पर डी-27 लिखा है, तो इसका मतलब है कि यह सिलिंडर अक्तूबर से दिसंबर 2027 के बीच एक्सपायर हो जाएगा और उस अवधि में इसका अनिवार्य परीक्षण होना चाहिए। डिलिवरी लेते समय यदि सिलिंडर पर लिखी डेट एक्सपाइर हो गई है तो ऐसा सिलिंडर लेने से इन्कार किया जा सकता है। साथ ही सिलिंडर को अंगीठी, हीटर या अलाव के पास न रखें। सिलिंडर पर कपड़ा सुखाना या ढकना भी खतरनाक हो सकता है।
आप जो गैस सिलेंडर इस्तेमाल कर रहे हैं उसमें ये जरूर चेक करें कि कहीं वो लीक तो नहीं है। अगर ऐसा है तो लीक सिलेंडर का इस्तेमाल करने से बचें, वरना कोई बड़ा हादसा तक हो सकता है। इसलिए गैस सिलेंडर लेते समय लीकेज जरूर चेक करें।
लीक हो रही है गैस, तो क्या करें?
अगर आपको पता चल गया है कि आपके गैस सिलेंडर से गैस लीक हो रही है तो सबसे पहले तो रेगुलेटर को बंद करें और फिर रेगुलेटर को हटाकर सिलेंडर पर लगे सेफ्टी ढक्कन को लगा दें और उसे अलग रख दें। ध्यान रहे कि माचिस, लाइटर न जलाएं और घर के दरवाजे और खिड़कियां खोल दें।
गैस सिलिंडर खुद नहीं फटता, लापरवाही उसे विस्फोट में बदल देती है। इसलिए एलपीजी सिलिंडर के उपयोग में सावधानी बरतें। सिलिंडर किचन से बाहर खुले में रखें। घर में अधिक संख्या में सिलिंडर स्टोर करना गैर कानूनी है। समय-समय पर सिलिंडर, गैस पाइप और रेगुलेटर की जांच अवश्य करते रहें, नियमों का पालन और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। - संजीव कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी