हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए जल शक्ति विभाग ने रोजगार का अवसर प्रदान किया है। विभाग ने प्रदेशभर में पेयजल और सिंचाई योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और पैरा बहुउद्देशीय कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी जल शक्ति मंडलों में अभ्यर्थियों से ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
भर्ती का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए स्थानीय स्तर पर मानव संसाधन उपलब्ध करवाना है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिदिन छह घंटे सेवाएं देनी होंगी। पैरा पंप ऑपरेटर और पैरा फिटर को 7100 रुपये प्रतिमाह, जबकि पैरा बहुउद्देशीय कार्यकर्ताओं को 6000 रुपये मासिक मानदेय दिया जाएगा।
18 से 45 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
जल शक्ति विभाग ने भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष और अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष निर्धारित की है। आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को संबंधित जल शक्ति मंडल कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए 10 अंकों का मूल्यांकन सिस्टम लागू किया गया है। इसमें शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आरक्षण और कौशल परीक्षण के आधार पर अंक दिए जाएंगे।
पैरा पंप ऑपरेटर और फिटर के लिए आईटीआई अनिवार्य
पैरा पंप ऑपरेटर और पैरा फिटर पद के लिए अभ्यर्थी का 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई या सरकारी कौशल विकास योजना के तहत प्रमाणपत्र होना चाहिए।
पैरा पंप ऑपरेटर के लिए मान्य ट्रेड
- इलेक्ट्रीशियन
- वायरमैन
- डीजल मैकेनिक
- पंप मैकेनिक
- मोटर मैकेनिक
- पंप ऑपरेटर-कम-मैकेनिक
- पैरा फिटर के लिए जरूरी योग्यता
- फिटर ट्रेड
- प्लंबर ट्रेड प्रमाणपत्र
वहीं पैरा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता पद के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं पास रखी गई है।
10 अंकों के आधार पर होगा चयन
पैरा पंप ऑपरेटर और फिटर पदों के लिए मूल्यांकन इस प्रकार होगा:
- 10वीं के अंकों के आधार पर - अधिकतम 5 अंक
- बीपीएल परिवार के लिए - 1 अंक
- संबंधित कार्य अनुभव - 2 अंक
- कौशल एवं शारीरिक परीक्षण - 2 अंक
- पैरा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता के लिए:
आठवीं के अंकों के आधार पर - 6 अंक
- अनुभव - 2 अंक
- शारीरिक परीक्षण - 2 अंक
- कौशल परीक्षण में परखी जाएगी तकनीकी क्षमता
पैरा पंप ऑपरेटर के लिए पंपों की सामान्य मरम्मत, मोटर और इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की पहचान, अलाइनमेंट और वाल्व संचालन की जानकारी जांची जाएगी।
पैरा फिटर के लिए पाइपलाइन लीकेज ठीक करने, थ्रेडिंग और पाइप फिटिंग उपकरणों के संचालन की क्षमता परखी जाएगी।
तीनों पदों के लिए शारीरिक परीक्षण भी अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी को पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में पाइप और उपकरण ले जाने में सक्षम होना जरूरी है।