अच्छा काम करने वाले जेल कर्मियों को सम्मानित करने के बाद हिमाचल जेल विभाग ने कैदियों को भी सम्मानित करने की नई परंपरा शुरू की है। शनिवार को इस संबंध में तीन कैदियों को अच्छा काम करने व साथी कैदियों को बेकरी व बढ़ई का काम सिखाने के लिए अच्छा प्रयास करने के लिए पुरस्कृत करने के आदेश जारी किए। इसमें एक-एक हजार रुपये के नकद पुरस्कार के अलावा एक प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा।
डीजी जेल सोमेश गोयल ने बताया कि सम्मानित होने वाले कैदियों में कैथू जेल में बेकरी सेक्शन में काम करने वाले चेतन और राजदेव के अलावा कंडा जेल में कारपेंटरी सेक्शन में काम करने वाले राज कपूर शामिल हैं। इनमें दो उम्र कैद, जबकि एक एनडीपीएस से जुड़े मामले में सजा काट रहा है।
गोयल ने कहा कि प्रयास यह है कि इस तरह की कवायद से कैदियों में न सिर्फ अच्छा काम करने की इच्छा पैदा होगी, बल्कि वह खुद पर गर्व भी महसूस कर सकेंगे। वहीं, साथी कैदियों में भी किसी कैदी के सम्मानित होने पर खुद भी अच्छा काम करने की ललक पैदा होगी।