मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि सरकार सेब उत्पादक क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था की बहाली सुनिश्चित कर रही है। सेब पर आधारित यहां की आर्थिकी को संरक्षित और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। ऊपरी शिमला के तीन दिवसीय दौरे के बाद शिमला लौटे मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकनिर्माण विभाग और ग्रामीण विकास विभाग नई ऊर्जा के साथ दिन-रात सड़क बहाली के कार्यों में जुट गए हैं। किसान-बागवानों को परिवहन सुविधा मुहैया करवाने के लिए दोनों विभागों को लगभग 11 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि दौरे के दौरान ही जारी की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सेब और अन्य नकदी फसलें समयबद्ध बाजार तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने सेब सीजन के दृष्टिगत 15 अगस्त तक पंचायत स्तर तक सड़कें सुचारू करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार प्रभावित परिवहन नेटवर्क को पुनर्जीवित करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है और सेब उत्पादक क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को 110 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। मुख्यमंत्री के स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचने के बाद लोक निर्माण विभाग ने भी अपने प्रयास तेज किए हैं और लगभग 250 जेसीबी और भारी मशीनरी बहाली कार्यों के लिए तैनात की गई है।