राधा स्वामी सत्संग व्यास परौर का डेरा विवादों में आ गया है। हिमाचल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के नाम पर पत्र भेजकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कहा गया है कि 648 कनाल भूमि पर चाय बागान काटकर राज्य सरकार की अनुमति के बिना बड़े-बड़े शेड का निर्माण किया गया है।
चीड़ के सैकड़ों पेड़ काटकर 5 अवैध सड़कें वन भूमि पर बनाई गई हैं। वन भूमि को गैरकानूनी तरीके से किराए पर दिया गया है। गैरकानूनी तरीके से ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों के घरों को नुकसान पहुंच रहा है।
कोर्ट ने शिकायत पत्र पर संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव सहित वन विभाग और जिलाधीश कांगड़ा से दो सप्ताह के भीतर जवाब तलब किया है। मामले पर सुनवाई 13 दिसंबर को निर्धारित की गई है।