पुलिस को सूचना मिली कि एक नशा तस्कर टैक्सी में नशे की खेप लेकर हमीरपुर पहुंच रहा है। इस पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए सुबह आठ बजे दुगनेड़ी के समीप नाका लगा दिया। इसी दौरान जब नशा तस्कर गाड़ी लेकर पहुंचा तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और नाका तोड़कर आगे निकलते हुए गाड़ी से थाना प्रभारी कुलवंत राणा को कुचलने की कोशिश की। इस दौरान गाड़ी का पहिया उनके पैर के ऊपर से गुजर गया। पुलिस ने गाड़ी को रोकने के लिए तीन फायर भी किए। इससे गाड़ी के अगले दोनों टायर पंक्चर हो गए, लेकिन आरोपी पंक्चर टायर के साथ ही गाड़ी को करीब दो किलोमीटर दूर तक भगा ले गया और फिर खड़ी करके भाग निकला। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जिसकी गाड़ी इस्तेमाल की है, उसकी भी पहचान हो गई है। हालांकि, पुलिस ने उसकी पहचान सार्वजानिक नहीं की है।
पुलिस को रात को सूचना मिली थी कि नशा तस्कर चिट्टा लेकर आ रहा है। सूचना पर दुगनेड़ी के पास सुबह करीब 6:30 बजे नाका लगा दिया गया। करीब 8:00 बजे आरोपी वहां पहुंचा तो उसने रुकने के बजाय थाना प्रभारी को कुचलने का प्रयास किया। जिससे उनके पांव में फ्रेक्चर आया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। - भगत सिंह ठाकुर, एसपी हमीरपुर