कुल्लू जिले के उपमंडल बंजार के भयोठ मोड़ पर हुए हादसे ने कई परिवार उजाड़ दिए हैं, जबकि दो बच्चे भी इसमें अनाथ हो गए। इन बच्चों की जिम्मेदारी के लिए प्रदेश सरकार आगे आई है। हादसे में जिन दो बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठा है।
उन दो बच्चों को प्रदेश सरकार की ओर से गोद लिया जाएगा। इनकी पढ़ाई-लिखाई से लेकर अन्य खर्च प्रदेश सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। प्रदेश सरकार की पहल पर एसबीआई बैंक बच्चों को यह आर्थिक मदद प्रदान करता रहेगा। जब तक ये बच्चे सक्षम नहीं हो जाते हैं।
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से हादसे में अनाथ हुए बच्चों की हर संभव मदद की जाएगी। कहा कि हादसे के जिम्मेदारी दोषी व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए न्यायिक कमेटी जांच कर रही है। जल्द ही रिपोर्ट भी आ जाएगी।
बस हादसे के तुरंत बाद प्रशासन, पुलिस विभाग, अस्पताल प्रशासन डाक्टरों और स्थानीय लोगों ने घायलों और शवों को निकालने में मदद की। उन्होंने कहा कि अब भविष्य में इस बात पर पूरी नजर रखी जाएगी कि बसों में ओवरलोडिंग न हो, जिसके लिए पुलिस प्रशासन के साथ सबका सहयोग सुनिश्चित किया गया है।
वाहन चालक-परिचालक अपनी वर्दी में हों, उनके प्रशिक्षण, योग्यता एवं लाइसेंस का भी ध्यान रखा जाएगा। मृतकों के परिजनों को एक सप्ताह के भीतर चार लाख की राहत राशि प्रदान करने के बारे में कहा गया है।
परिवहन विभाग प्रत्येक मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये की राहत राशि देगा। रविवार से बंजार से गाडागुशैणी खौली के लिए एक नई बस सेवा आरंभ की जा रही है। हादसे के बाद हो रही जांच में एनएच में 105 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं।
उनमें क्रैश बैरियर लगवाए जाएंगे। इस दौरान श्रवण कुमार शर्मा, प्रधान खाड़ागाड़ जय सिंह ठाकुर, प्रधान चैहणी शेर सिंह ठाकुर, बालक राम ठाकुर, दिनेश राजपूत आदि मौजूद रहे।