राजकीय अध्यापक संघ ने प्रदेश के विद्यालयों में वर्तमान में लागू अवकाश की समयसारिणी में बदलाव की मांग की है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र चौहान, प्रदेश महासचिव नरेश महाजन और मुख्य प्रेस सचिव कैलाश ठाकुर ने कहा है कि 13 अगस्त की छुट्टी की घोषणा संघ के प्रदेशाध्यक्ष के आग्रह पर की गई।
ये शक्तियां स्थानीय प्रशासन के पास होती हैं। संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने सुबह 7 बजे शिक्षा मंत्री और जिलाधीश से बात कर छुट्टी करने का निवेदन किया।संघ ने छात्रों और अध्यापकों की सुरक्षा की दृष्टि से दो दिन के अवकाश की मांग की है।
विभिन्न जिलों ने अपने स्तर पर एक ही दिन छुट्टी की घोषणा की है। शिमला जिला को छोड़कर अन्य जिलों में सोमवार को निर्णय लेने में देरी के कारण बहुत से विद्यालयों में विद्यार्थी पहुंच चुके थे और इक्का-दुक्का स्थानों पर अप्रिय घटनाओं की जानकारी भी मिली है।
संघ ने अन्य अध्यापक, कर्मचारी व स्वयंसेवी संगठनों से आग्रह किया है कि वे इस प्रकार के संगीन मसलों को भी प्रशासन के ध्यान में लाएं। संघ की मांग है कि मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार अन्य अवकाश की घोषणा भी समय रहते की जाए ताकि अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।