मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि सरकार जिला से अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मेलों में स्थानीय कलाकारों की फीस बढ़ाएगी। सीएम ने यह आश्वासन भी दिया कि सरकार हर मेले में गड़बड़ी को रोकने के लिए सख्ती के साथ ऑडिट भी कराएगी।
किन्नौर से कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय 2, राज्य स्तरीय 19 और जिला स्तरीय 56 मेले होते हैं। इनसे पिछले साल 24 करोड़ 90 लाख से ज्यादा की आय हुई है।
वहीं, सतपाल रायजादा के ऊना के सोनभद्र उत्सव के आयोजन पर सवाल उठाने पर सीएम ने कहा कि 2016 में आखिरी बार इसकाआयोजन हुआ था और उस समय कांग्रेस की ही सरकार थी।
कांग्रेस विधायक ठाकुर रामलाल ने सरकार के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गो सेवा के नाम पर मंदिरों का पैसा लिया जा रहा है लेकिन उनका कोई हिसाब बजट सत्र में सरकार नहीं दे पा रही है।
सचिवालय में सचिवों के कमरों में यह जानकारी रखी रहती है लेकिन सचिव के दफ्तर से सीएम कार्यालय तक आने में इतना वक्त लगना हैरान करने वाला है। रामलाल ने सवाल किया था कि सरकार ने अब तक गो सदनों के लिए मंदिर ट्रस्टों से कितनी राशि एकत्र की और किन किन गो सदनों के लिए राशि वितरित की।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रश्नकाल के दौरान जवाब दिया कि यह सूचना एकत्रित की जा रही है। सरकार गो सेवा के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होेंने कहा कि तीन जगह गो सेेंचुरी बनाई जा रही है और गो सेवा के लिए कई अन्य निर्णय लिए गए हैं। सरकार सदन को जानकारी देना चाहती है लेकिन अधूरी नहीं। इसीलिए वक्त लग रहा है।