हिमाचल के 54 शहरी निकायों में सुविधाएं उपलब्ध करवाने को सरकार ने दो करोड़ रुपये जारी किए हैं। इस राशि से सड़कों का निर्माण करने के साथ फुटपाथ और पार्किंग आदि की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। निकायों की जनसंख्या और क्षेत्रफल के हिसाब से राशि जारी की गई है।
सरकार ने तीन करोड़ रुपये की पहली किस्त पहले जारी कर दी थी। कुल मिलाकर निकायों के लिए पांच करोड़ का बजट जारी हुआ है। निकायों में इस राशि को निर्धारित समय पर खर्च करने को कहा गया है।
जिन कार्यों में इन राशि को खर्च किया जाना है, निकायों को इसका ब्योरा सरकार को देना होगा। शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने बताया कि निकायों में लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया हो सके, इसके चलते यह राशि जारी की है।
इसे सड़कों, पुलों, नालियों के निर्माण, पैदल चलने वाले रास्ते आदि में खर्च किया जाना है। सरकार ने अपने बजट भाषण में निकायों को 6 करोड़ जारी करने का प्रावधान किया था। इसमें 5 करोड़ की राशि जारी की जा चुकी है।