हिमाचल के निजी बीएड कॉलेजों पर सरकार मेहरबान है। इन पर लगातार कृपा बरसाई जा रही है। नए बैच का शैक्षणिक सत्र शुरू हुए दो माह बीतने को है, प्रदेश सरकार की ओर से विवि को प्रवेश परीक्षा की अनिवार्य शर्त को समाप्त कर स्नातक की मेरिट के आधार पर काउंसलिंग कर प्रवेश देने के फरमान जारी कर दिए। दिसंबर माह में बीएड कोर्स के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी शुरू होंगी। वहीं दूसरी ओर नवंबर अंत तक प्रवेश की प्रक्रिया को जारी रखा जा रहा है।
सरकार के ताजा आदेशों पर जो छात्र अब निजी बीएड कॉलेजों में प्रवेश लेंगे, वे कैसे एनसीटीई के तय नियमों में सिलेबस और हाजिरी पूरी कर परीक्षाएं दे पाएंगे। हर सेमेस्टर में कम से कम सौ दिनों की कक्षाओं में हाजिरी अनिवार्य होती है। प्रदेश भर के एचपीयू से संबद्ध करीब 72 बीएड कॉलेजों में 8,950 सीटों में से नए सत्र के लिए हुई काउंसलिंग की प्रक्रिया को पूरी कर प्रवेश परीक्षा के आधार पर अब तक करीब ढाई हजार सीटें ही भर पाई हैं। प्रदेश सरकार ने विवि की बीएड काउंसलिंग के बाद प्रवेश परीक्षा वाले सभी छात्रों को प्रवेश देने की अनुमति दी।