प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा है कि जयराम ठाकुर विजनलेस मुख्यमंत्री थे। पांच साल तक कर्ज लेना ही इनका मॉडल था। पांच साल क्या कार्य किए, इसका कोई रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष नहीं रख पाए। जनता ने विधानसभा चुनाव में हराकर विपक्ष में बैठाया, फिर भी लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को भाजपा नेता गिराने का षडयंत्र रच रहे हैं। चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री से पूछा कि बीते 15 माह में क्या उन्होंने एक बार भी जनहित में मुख्यमंत्री को कोई पत्र लिखा।
सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रेस वार्ता में चौहान ने कहा कि धनबल से जीतकर विधानसभा में पहुंचने वाले विधायक अपने ही हित साधते हैं। देहरा, नालागढ़ और हमीरपुर में हो रहे विधानसभा उपचुनाव के दौरान तीन पूर्व निर्दलीय विधायकों को बताना चाहिए कि उन्होंने अपने पद क्यों छोड़े और अब दोबारा चुनाव क्यों लड़ रहे हैं। किस लोभ में आकर इन्होंने अपने इस्तीफे दिए। उन्होंने कहा कि जब यह तीनों निर्दलीय विधायक थे, तब मुख्यमंत्री से अपने काम करवाते रहे। दावा किया कि तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस जीत हासिल करेगी। लोकतंत्र का मजाक उड़ाने वाले लोगों को जनता चुनावों में सबक सिखाएगी। जयराम ठाकुर बार-बार सरकार के गिरने की बात करते हैं। वह किस आधार पर यह कह रहे हैं, ये समझ से परे हैं। नरेश चौहान ने कहा कि देहरा विकास की द़ृष्टि से पिछड़ा हुआ है। वहां की जनता चाहती है कि सरकार का नुमाइंदा जीतकर आए।