प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में सोमवार सुबह नौ बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 आंकी गई। झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। जिले के कई क्षेत्रों में इस कारण कुछ देर के लिए अफरातफरी मची रही। प्रदेश में बीते एक सप्ताह के दौरान सोमवार को तीसरी बार भूकंप आया। इससे पहले 25 जुलाई को चंबा और 23 को किन्नौर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
पांच सेंटीमीटर प्रति वर्ष की रफ्तार से इंडियन प्लेट यूरेशियन प्लेट की ओर खिसक रही है। इससे जो तनाव पैदा होता है, वह भूकंप के रूप में सामने आता है। इन सारी गतिविधियों पर उत्तराखंड का वाडिया इंस्टीट्यूट स्टडी करता है। धर्मशाला में भी नड्डी में इस संस्थान अध्ययन केंद्र बनाया गया है। - पुनीत गुलेरिया, राज्य भू विज्ञानी