फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में रेल पहुंचाने में सहयोग नहीं कर रही राज्य सरकार

Fri, 09 Dec 2016 12:00 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा है हिमाचल की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर केंद्र सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। सर्वे के लिए आवंटित राशि को पूरी तरह से उपयोग में लाया गया है। लेकिन प्रदेश सरकार से जो अपेक्षित सहयोग मिलना चाहिए था वह नहीं मिलने के कारण इन परियोजनाओं के निर्माण में देरी हो रही है। 
विज्ञापन


वीरवार को प्रदेश में रेलवे विस्तारीकरण के मुद्दे को लेकर नई दिल्ली पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेमकुमार धूमल और प्रदेश के सांसदों से केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि सबसे प्रमुख समस्या भूमि अधिग्रहण की है। यह कार्य प्रदेश सरकार के लगातार सहयोग से ही संभव हो सकता है, लेकिन प्रदेश सरकार पूरे मन से सहयोग नहीं कर रही है।

इसके बावजूद केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में रेलवे के विस्तारीकरण के प्रति अत्यधिक गंभीर है और समस्त परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। धूमल के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर, वीरेंद्र कश्यप, रामस्वरूप शर्मा, महामंत्री कृपाल परमार और भाजपा नेता राम कुमार ने केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात की।
विज्ञापन


बातचीत में भाजपा नेताओं ने भानुपल्ली-बिलासपुर-मंडी-कुल्लू-लेह रेलवे लाइन, ऊना-तलवाड़ा, पठानकोट-जोगिंद्रनगर-मंडी, चंडीगढ़-बद्दी और ऊना-हमीरपुर रेलवे लाइन के विस्तारीकरण एवं निर्माण को लेकर विस्तृत रूप से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के परिपेक्ष्य में इन रेलवे लाइनों के निर्माण के महत्व से रेल मंत्री को अवगत करवाया। 

सरकार राजनीति छोड़ केंद्र की मदद करे: धूमल
धूमल ने चर्चा पर संतोष और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में रेलवे के विस्तारीकरण की चिर प्रतीक्षित मांग को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह से गंभीर है। निकट भविष्य में इसके परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से कहा कि वह भी आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति को छोड़कर केंद्र से सहयोग करे और भूमि अधिग्रहण सहित किसी भी तरह की कठिनाई को हल करने के लिए पूरे प्रयत्न करें। 

अस्वस्थ शांता प्रतिनिधिमंडल में नहीं हुए शामिल
केंद्रीय रेल मंत्री के साथ हुई इस मुलाकात के दौरान हिमाचल के सांसदों के प्रतिनिधिमंडल में कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से सांसद शांता कुमार शामिल नहीं हुए। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार अस्वस्थता के चलते इस बैठक में शामिल नहीं हो पाए। भाजपा नेताओं ने बताया कि शांता कुमार ने प्रदेश में रेलवे विस्तारीकरण के लिए केन्द्र की गंभीरता के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें