बागवानी विकास प्रोजेक्ट में दिसंबर तक फील्ड स्टाफ के पद भरे जाएंगे। 1134 करोड़ रुपये के बागवानी विकास प्रोजेक्ट की गति को लेकर विश्व बैंक ने कई सवाल उठाए हैं। इसके बाद से राज्य सरकार प्रोजेक्ट में विभिन्न पदों को भरने की तैयारी कर चुकी है।
राज्य सरकार ने विश्व बैंक की 1134 करोड़ की वित्तीय मदद से चलाए जा रहे बागवानी विकास के प्रोजेक्ट के काम में गति लाने के उद्देश्य से पहले चरण में करीब पचास पदों को भरने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। फील्ड के विभिन्न पदों को भरने के लिए कनिष्ठ अभियंता और सर्वेयरों के पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इन पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षा भी आयोजित की जा रही है। बताया जा रहा है कि दिसंबर में इन सभी पदों को भर दिया जाएगा। पिछले करीब तीन साल से विश्व बैंक के बागवानी विकास प्रोजेक्ट के तहत फील्ड में काम संतोषजनक नहीं पाया गया था। इसकी मुख्य वजह फील्ड स्टाफ की तैनाती नहीं हो पाना था।
इसी के चलते सरकार दिसंबर तक प्रोजेक्ट के काम के लिए फील्ड स्टाफ की तैनाती कर रही है। सरकार ने विश्व बैंक को भरोसा भी दिलाया है कि बागवानी विकास के प्रोजेक्ट में तेजी लाई जाएगी। यह प्रोजेक्ट सात साल यानी 2023 तक की अवधि के लिए मंजूर किया गया है।