प्रदेश सरकार ने सोमवार को हिमाचल के 731 युवाओं को रूट परमिट जारी कर दिए हैं। स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसमें 4 प्लस वन के 316, 5 प्लस वन से लेकर 12 प्लस वन के 277 रूट परमिट जारी किए हैं। इसके साथ-साथ सरकार ने डीलक्स कांट्रेक्ट के भी 37 रूट परमिट दिए गए हैं।
इसी महीने से हिमाचल में यह वाहन सेवाएं देना शुरू कर देंगे। अथॉरिटी के पास एक हजार से ज्यादा आवेदन आए थे, जांच पड़ताल के चलते कई दस्तावेज सही नहीं पाए गए। इसके चलते युवाओं को यह आवेदन लौटाए गए हैं। एचआरटीसी स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी की यह दो महीने के भीतर दूसरे बैठक हुई है।
बीते महीने हुई अथॉरिटी की पहली बैठक में 2118 परमिट जारी किए गए हैं। अब सरकार ने 731 युवाओं को रूट परमिट जारी किए जा रहे हैं। यह परमिट 1 साल से लेकर 3 साल तक के लिए जारी किए गए हैं। स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी सुनील शर्मा ने कहा कि सैकड़ों युवाओं को परमिट जारी किए गए हैं। अब यह लोग अपना कारोबार कर सकेंगे।
परिवहन मंत्री गोबिंद ठाकुर ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए टैक्सी रूट परमिट दिए जा रहे हैं। सरकार की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं के आवेदन सही नहीं पाए गए हैं उन्हें दस्तवेज सही करने को कहा गया है, अगली एसटीए की बैठक में उन्हें रूट परमिट जारी किए जाएंगे।