हिमाचल में पीलिया को लेकर सरकार ने अलर्ट जारी किया है। शिमला, सोलन के बाद मंडी, नालागढ़ और नाहन में भी लोगों के बीमार होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी उपायुक्तों और सीएमओ को सतर्क कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने बताया कि सभी उपायुक्तों को पत्र जारी कर बैठकें लेने के निर्देश दिए गए हैं।
पीने के पानी और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों की लगातार निगरानी हो कहा गया है। उन्होंने लोगों से भी पानी को उबालकर पीने की अपील की है। कौल सिंह ने बताया कि बुधवार को सचिवालय में सीएमओ सोलन के साथ बैठक हुई है। सोलन में अभी तक 140 केस पॉजिटिव पाए गए हैं। मंडी में स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के नीचे जलस्रोतों में गंदगी मिल रही है।
आईपीएच मंडी को सतर्क कर दिया है। कहा कि शिमला के विकासनगर में लोगों के सेप्टिक टैंक ओवरफ्लो होने के चलते जलस्रोत दूषित हुए हैं। स्वास्थ्य महकमे ने प्रदेश की जनता को जागरूक करना शुरू कर दिया है। गांवों से लेकर शहरों में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमें लोगों को जागरूक कर रही हैं।
पूरे प्रदेश में मुफ्त होंगे पीलिया टेस्ट- स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में पीलिया के टेस्ट मुफ्त में किए जाएंगे। एसआरएल लैब में भी टेस्ट मुफ्त होंगे। लैब वालों को एनआरएचएम के माध्यम से टेस्ट का पैसा रिफंड किया जाएगा।
केवल गिरफ्तारी से नहीं बनेगी बात- कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि पीलिया मामले में कई अफसरों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन इससे बात नहीं बनेगी। आईपीएच महकमे को स्वच्छता पर अधिक ध्यान देना होगा।
आईपीएच की जांच पर नहीं विश्वास- स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आईपीएच अपनी लैब में पानी की जांच करता है। इस जांच पर विश्वास नहीं रहा है। स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर पर पानी के सैंपल लेकर कंडाघाट लैब में जांच करवाने के लिए भेजेगा।