विभाग ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
मां के गर्भ में अवैध रूप से शिशु लिंग की जांच करवाने की सूचना देने की इनामी राशि को सरकार ने दस गुना बढ़ा दिया है। इसकी सूचना देने वाले व्यक्ति को सरकार अब एक लाख रुपये बतौर इनाम देगी। पहले इस तरह की सूचना देने वाले व्यक्ति की सूचना सही पाए जाने पर दस हजार रुपये की राशि बतौर इनाम दी जाती थी।
सरकार के इस निर्णय से चोरी-छिपे मां के गर्भ में शिशु लिंग की जांच करने पर शिकंजा कसेगा। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अधिसूचना जारी कर दी है।