मंत्रिमंडल ने एक अन्य फैसले में राज्य अनुदान योजना के तहत दालों की खरीद के लिए मौजूदा नीति में बदलाव किया है। योजना के तहत भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (एनसीसीएफ) से दाल चना, उड़द साबुत, मूंग साबुत तथा मलका की दाल खरीदी जाएगी। दालों की खरीद से हर महीने 2.63 करोड़ रुपये की बचत होगी।
बैठक में मंडी जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगस्याड़ को 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल में अपग्रेड किया जाएगा। इसके तहत अस्पताल में विभिन्न श्रेणियों के 29 पद सृजित किए जाएंगे। इसके अलावा नागरिक अस्पताल आनी में 26 नए पदों के सृजन सहित 100 बिस्तरों में अपग्रेड करने को मंजूरी दी गई है।
मंत्रिमंडल ने डा. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में अनुबंध के आधार पर कनिष्ठ कार्यालय सहायक, सूचना प्रौद्योगिकी के 20 पद और लोक प्रशासन संस्थान हिप्पा में अन्वेषकों के तीन रिक्त पदों को अनुबंध आधार पर भरने का निर्णय लिया है।
टांडा में कैंसर उपचार सुविधाएं होंगी मजबूत
मंत्रिमंडल ने टांडा मेडिकल कालेज में कैंसर के इलाज के लिए मशीनों के संचालन के लिए आउटसोर्सिंग पर दो मेडिकल फिजिसिस्ट और चार रेडियोथेरेपिस्ट टेक्नीशियन तैनात करने को मंजूरी दी है। केंद्र से मिली रेडियोथेरेपी की मशीन कर्मचारी न होने के कारण शुरू नहीं हो पाई है।