प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सात सितंबर से शुरू होने वाली फर्स्ट टर्म परीक्षाओं का ट्रायल चार सितंबर को होगा। इस दौरान ऑनलाइन माध्यमों से जुड़े विद्यार्थियों की जानकारी के लिए असेसमेंट शीट्स भेजी जाएंगी। फर्स्ट टर्म परीक्षाओं के शुरू होने से पहले विद्यार्थियों की सहुलियत और परीक्षा के पैट्रन की समझ के लिए यह ट्रायल किया जाएगा। सोमवार को उच्च शिक्षा निदेशक की ओर से जारी निर्देशों में बताया गया कि परीक्षा के लिए किसी भी विद्यार्थी को स्कूल में नहीं बुलाया जाएगा।
नवीं से जमा दो कक्षा की फर्स्ट टर्म परीक्षाएं ऑनलाइन ली जाएंगी। विद्यार्थियों को परीक्षा पूरी करने के बाद आंसरशीट की फोटो व्हाटसएप ग्रुप में अपलोड करनी होगी। जो विद्यार्थी व्हाटसएप ग्रुप से नहीं जुड़े हैं। उन्हें शिक्षकों की ओर से घरों में प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाए जाएंगे। शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि प्रश्नपत्रों को हर घर पाठशाला वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
शिक्षक इस वेबसाइट से प्रश्नपत्र अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को व्हाटसएप ग्रुप के माध्यम से भेजेंगे। प्रश्नपत्र एक पासवर्ड से लॉक होंगे। शिक्षकों को उपनिदेशकों के माध्यम से पासवर्ड उपलब्ध करवा जाएंगे। अगर पासवर्ड को लेकर कोई समस्या पेश आती है तो संबंधित शिक्षक को निदेशालय की ओर से प्रश्नपत्र ई मेल पर भेजा जाएगा।
विद्यार्थियों के लिए निर्देश जारी करते हुए निदेशक ने बताया कि आंसरशीट के हर पन्ने पर विद्यार्थी को अपना नाम, रोल नंबर अैर पेज नंबर लिखना होगा। परीक्षा शुरू और समाप्त होने की सूचना व्हाटसएप से ही शिक्षक को देनी होगी। परीक्षा को कम से कम दो घंटे में समाप्त करना होगा।