उधर, धर्मपुर विस क्षेत्र में गलत जानकारी देने वाले 24 कर्मचारियों के बैलेट पेपर रिजेक्ट कर दिए गए हैं। मंडी जिला के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में एसडीएम कार्यालय से जारी रिपोर्ट में कुल 1349 कर्मचारियों को बैलेट पेपर भेजे गए, जिनमें से अभी तक 958 कर्मचारियों के बैलेट पेपर वापस आ गए हैं। अभी और बैलेट पेपर आने का क्रम जारी है। जो बैलेट पेपर आठ दिसंबर तक आएंगे, उन्हें ही स्वीकृत किया जाएगा। एसडीएम धर्मपुर करतार चंद ने इसकी पुष्टि की है।
कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर ने उठाए सवाल
कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर ने बैलेट पेपर को लेकर धर्मपुर एसडीएम कार्यालय पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि धर्मपुर एसडीएम कार्यालय की ओर से जानबूझकर कर्मचारियों के बैलेट पेपरों को रोका जा रहा है। आरोप लगाया कि धर्मपुर विस क्षेत्र का एक कर्मचारी सराज जंजैहली में नौकरी करता है और उसने ईमेल के माध्यम से धर्मपुर एसडीएम कार्यालय से आग्रह किया कि बैलेट पेपर भेजा जाए। लेकिन धर्मपुर कार्यालय ने नहीं भेजा। ऐसा कई जगह हुआ है और जानबूझकर ऐसा किया जा रहा है। उधर, एसडीएम करतार चंद ने बताया कि इस तरह की कोई मेल आई ही नहीं। जब जंजैहली थुनाग में संपर्क किया गया तो वहां से जो ईमेल का पता डाला गया था, वह गलत था। इस पर कोई भी मेल नहीं आई है ।