पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाली का मामला विधानसभा चुनाव में केंद्र बिंदु बन गया है। ओपीएस ने भाजपा की परेशानियां बढ़ा दी हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुंदरनगर और सोलन में जनसभाएं हैं। जनसभाओं में पीएम ओपीएस को लेकर कोई संकेत दे सकते हैं। ऐसे में अब रविवार को भाजपा का दृष्टिपत्र जारी होगा। प्रधानमंत्री सुंदरनगर के जवाहर पार्क में सुबह 11:50 बजे और सोलन के ठोडो मैदान में दोपहर बाद 2:50 बजे चुनावी जनसभा संबोधित करेंगे। सुरक्षा को लेकर एसपीजी समेत पुलिस ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
शुक्रवार को भाजपा ने घोषणापत्र जारी करना था, लेकिन गुरुवार रात को इस फैसले को पार्टी ने बदल दिया। अब मोदी की रैली के एक-दो दिन बाद घोषणापत्र जारी किया जाएगा। पार्टी पर ओपीएस देने का दबाव बढ़ गया है। कांग्रेस, माकपा और आम आदमी पार्टी पहले ही इसे बहाल करने का एलान कर चुकी हैं। प्रदेश के हजारों कर्मचारी इस मांग को लेकर लामबंद हैं। कांग्रेस ने राजस्थान, छत्तीसगढ़ और आम आदमी पार्टी ने पंजाब की तर्ज पर पुरानी पेंशन देने का हिमाचल में एलान किया है।