केसी त्यागी ने कहा कि जब से नीतीश कुमार ने एनडीए को छोड़ा है, तब से विपक्षी नेता एकजुट हो रहे हैं। नीतीश का मानना है कि कांग्रेस के बिना कोई विकल्प नहीं हो सकता है। आज देश के लिए भाजपा को हराना जरूरी है।
जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्य प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा है कि बिना कांग्रेस के विपक्षी एकता संभव नहीं है। हिमाचल में कांग्रेस की जीत 2024 के लोकसभा चुनाव में आधारशिला का काम करेगी। त्यागी ने कहा कि हिमाचल में किसानों को किसी भी उत्पाद पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं मिलता, जबकि यह जरूरी है। हिमाचल में कांग्रेस सत्ता में आने पर सभी फलों और सब्जियों के लिए एमएसपी देगी।
विज्ञापन
त्यागी रविवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 2024 में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं। वह केवल प्रबंधक हैं और सभी विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने के काम में लगे हुए हैं। वह संपूर्ण विपक्षी एकता के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि जब से नीतीश कुमार ने एनडीए को छोड़ा है, तब से विपक्षी नेता एकजुट हो रहे हैं।
नीतीश का मानना है कि कांग्रेस के बिना कोई विकल्प नहीं हो सकता है। आज देश के लिए भाजपा को हराना जरूरी है। ईडी और सीबीआई विपक्ष को दबाने के लिए केंद्र सरकार के औजार बने हुए हैं। किसान आंदोलन के बाद केंद्र सरकार ने एक कमेटी बनाकर एमएसपी की बात कही थी। जो कमेटी बनी, उसमें 99 फीसदी सदस्य एमएसपी के विरोध में थे।