इनके अलावा ठियोग से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर, नालागढ़ से इंटक के प्रदेश अध्यक्ष हरदीप सिंह बावा और बिलासपुर से पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को मौका देने पर सहमति बनी है। शनिवार को नई दिल्ली में हुई केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक में 28 सीटों को लेकर करीब छह घंटे तक मंथन हुआ। दोपहर 4:00 बजे से रात 10:00 बजे तक चली बैठक में सीट वार स्क्रीनिंग कमेटी की ओर से दिए दावेदारों के नामों पर चर्चा हुई। सोनिया गांधी ने शिमला से सटे छराबड़ा स्थित प्रियंका गांधी के घर से वर्चुअल माध्यम से बैठक की अध्यक्षता की। 10 अक्तूबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी शिमला में प्रियंका गांधी के घर आई थीं। 4 अक्तूबर से प्रियंका गांधी शिमला से सटे छराबड़ा स्थित अपने घर पर रुकी हैं।
55 प्रत्याशी रविवार को हो सकते हैं घोषित
शनिवार को राजधानी शिमला से लेकर नई दिल्ली तक कांग्रेस नेताओं में टिकटों के जारी होने को लेकर चर्चा बनी रही। वर्तमान विधायकों और कुछ वरिष्ठ नेताओं के अलावा अधिकांश दावेदार दिल्ली में डटे हुए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को सोलन में हुई रैली के बाद दिल्ली पहुंच गए थे। रविवार 16 अक्तूबर को प्रत्याशियों की पहली सूची जारी हो सकती है।
जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा करेगी आप : सुरजीत
वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने कहा कि पंजाब के शिक्षा मंत्री और युवा नेता हरजोत बैंस हिमाचल के प्रभारी बने हैं। बैंस जल्द ही चुनाव प्रचार अभियान की कमान संभालेंगे। पत्रकारों से बातचीत में सुरजीत ने कहा कि पार्टी प्रदेश के सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। प्रत्याशियों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। उन्हाेंने कहा कि आप के कार्यकर्ताओं ने सात लाख घरों तक केजरीवाल की गारंटियों को पहुंचा दिया है। 11 गारंटियों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। डोर टू डोर अभियान को भी जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।