धर्मपुर और घुमारवीं के बाद अब कांग्रेस ने सुंदरनगर में भी स्ट्रांग रूम के बाहर ईवीएम की निगरानी के लिए तंबू गाड़ दिया है। बहु तकनीकी संस्थान के भवन में ईवीएम की सुरक्षा का मामला उठाते हुए युवा कांग्रेस ने निर्वाचन अधिकारी सुंदरनगर से भवन के समक्ष अपना तंबू लगाने का आग्रह किया था। मंजूरी मिलने के बाद मंगलवार को राजकीय बहुतकनीकी परिसर में युवा कांग्रेस ने अपना तंबू गाड़ दिया। सुंदरनगर से कांग्रेस प्रत्याशी सोहन लाल ठाकुर के बेटे निखिल ठाकुर ने कहा कि पांच वर्षों में भाजपा सरकार ने इतने घोटाले और भ्रष्टाचार किए हैं कि अब उन्हें ईवीएम की सुरक्षा को लेकर भी संदेह हो रहा है। जीत हासिल करने के लिए भाजपा नेता सत्ता का दुरुपयोग कर किसी भी हद तक जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला समेत ऐसे कई मामले हैं, जिन्हें लेकर लोगों को भाजपा सरकार पर विश्वास नहीं रहा है। ऐसे में अर्धसैनिक बलों और पुलिस की सुरक्षा पर भी उन्हें संदेह है। यही कारण है कि उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा को लेकर तंबू लगाया है। तंबू में पांच बिस्तरों की व्यवस्था है। हर समय कम से कम पांच युवा कांग्रेस कार्यकर्ता ईवीएम की सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे। उधर, निर्वाचन अधिकारी धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि युवा कांग्रेस के आवेदन को मंजूरी दी गई है। ईवीएम की सुरक्षा के लिए 24 घंटे अर्धसैनिक बल और पुलिस के जवान तैनात रहते हैं। सीसीटीवी कैमरों से भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।