सहायक ड्रग कंट्रोलर निशांत सरीन के सात ठिकानों पर ईडी की दबिश, शराब, गाड़ियां जब्त।
- फोटो : संवाद
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) चंडीगढ़ जोन ने 22 और 23 को हिमाचल के कांगड़ा में तैनात सहायक ड्रग नियंत्रक निशांत सरीन, उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के हरियाणा और पंजाब में स्थित सात आवासीय, वाणिज्यिक परिसरों और सरकारी कार्यालयों में तलाशी अभियान चलाया। यह तलाशी सरीन के सहायक औषधि नियंत्रक बद्दी के रूप में तैनात रहते हुए व्यक्तिगत लाभ और भ्रष्टाचार और रिश्वत के लिए आधिकारिक पद का दुरुपयोग करने से संबंधित एक मामले की गई। प्रवर्तन निदेशालय की ओर से गुरुवार को इसकी जानकारी दी गई।
ईडी की तलाशी कार्रवाई के दौरान महत्वपूर्ण दवा लाइसेंस, फार्मास्युटिकल कंपनियों को जारी किए क्लीयरेंस, संपत्ति के दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जैसे मोबाइल फोन, लैपटॉप, पैन ड्राइव भी जब्त किए गए। तलाशी कार्रवाई के दौरान निशांत सरीन और उनके परिवार के सदस्यों के लगभग 32 लाख रुपये मूल्य के दो वाहन, 40 से अधिक बैंक खाते/एफडीआर और तीन लॉकर फ्रीज किए गए। इसके अलावा, ईडी ने सरीन के चंडीगढ़ स्थित ओमक्स कैसिया आवास से 60 से अधिक बिना रिकाॅर्ड की शराब की बोतलें भी बरामद की हैं। ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह मामला भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग से जुड़ा है, जिसमें सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति ने निजी लाभ के लिए अपनी शक्ति का दुरुपयोग किया। ईडी के अनुसार मामले की जांच जारी है।