भारतीय सेना में देश की रक्षा करने वाले अग्निवीरों के बलिदान होने पर परिजनों को एक्स-ग्रेशिया और सेवानिवृति पर नौकरी में आरक्षण देने को लेकर सैनिक कल्याण बोर्ड निदेशालय की ओर प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो अग्निवीरों के बलिदान पर परिजनों को एक्स ग्रेशिया का लाभ मिल सकेगा। सरकार इस प्रपोजल को मंजूरी देती है तो अग्निवीरों को प्रदेश सरकार के विभाग में नौकरी में आरक्षण का रास्ता साफ हो सकेगा। सैनिकों को सैन्य ऑपरेशन के दौरान बलिदान होने पर प्रदेश सरकार की ओर से 30 लाख रुपये तथा एक्सीडेंट या अन्य बीमारी से सामान्य मौत पर साढ़े सात लाख रुपये की राशि एक्स-ग्रेशिया के रूप में प्रदान करती है, जबकि अग्निवीरों को प्रदेश सरकार से यह सुविधा नहीं मिलती है।