मंत्रालय के अनुसार, ग्राम पंचायत विकास प्लान (जीपीडीपी) समेत जिला और ब्लॉक स्तर की पंचायत विकास योजनाओं को अपलोड करने के लिए पहले 15 अगस्त 2026 तक का समय दिया गया था। विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिले अनुरोधों और प्रगति को देखते हुए यह समय सीमा बढ़ाकर 15 सितंबर की गई थी। इसके बावजूद पंचायत विकास योजनाओं की तैयारी और अपलोडिंग का काम अपेक्षित स्तर तक पूरा नहीं हो पाया है। इसी को देखते हुए पंचायती राज मंत्रालय ने अब तीनों स्तरों पर पंचायत विकास योजनाओं को तैयार करने और अपलोड करने की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर कर दी है। मंत्रालय ने इस कार्य को अत्यंत प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की योजना तैयार करने और उन्हें ऑनलाइन दर्ज करने के लिहाज से यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। केंद्र ने राज्यों को समय सीमा के भीतर सभी लंबित योजनाओं को पूरा करवाने को कहा है।