फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: छह साल में साइबर ठगों ने लगाया 390 करोड़ का चूना, 2026 में 20 अक्तूबर तक 12,654 ठगी के मामले दर्ज

Mon, 23 Nov 2026 10:31 AM IST
Ankesh Dogra अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

हिमाचल प्रदेश में साइबर ठगी का जाल तेजी से फैल रहा है। छह वर्षों में लोगों को करीब 390 करोड़ रुपये का चूना लगाया जा चुका है और 56,002 शिकायतें दर्ज हुई हैं। डिजिटल अरेस्ट, निवेश का लालच, बैंक अपडेट और एआई से अपनों की आवाज व चेहरा कॉपी कर ठगी के नए तरीके सामने आ रहे हैं।

विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

साइबर ठगों ने पिछले छह वर्षों में हिमाचल प्रदेश के लोगों को करीब 390 करोड़ रुपये (389.54 करोड़ रुपये) का चूना लगाया है। केंद्र और प्रदेश सरकार के जागरूकता अभियानों के बावजूद प्रदेश में ऑनलाइन ठगी का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। साइबर क्राइम सेल के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021 से 20 अक्तूबर 2026 तक कुल 56,002 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2021 में जहां साइबर ठगी की महज 136 शिकायतें दर्ज हुई थीं, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 18,706 तक पहुंच गई। पांच वर्षों में शिकायतों में करीब 13,654 फीसदी का उछाल आया है। 

विज्ञापन
Trending Videos

वर्ष 2026 में 20 अक्तूबर तक 12,654 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें 89.22 करोड़ रुपये की ठगी हुई है। साइबर क्राइम सेल ने कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 72.71 करोड़ रुपये विभिन्न बैंक खातों में होल्ड करवाए हैं, जबकि कुल रिकवरी 1.86 करोड़ रुपये रही है। एसपी साइबर क्राइम अमित यादव ने बताया कि लोग डर, लालच और जागरूकता की कमी के कारण ठगी का शिकार बन रहे हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे झांसों में न आने और ठगी होते ही बिना समय गंवाए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की अपील की है।















































वर्ष ठगी की राशि होल्ड राशि
2021 3.65 करोड़ रुपये 8.86 लाख रुपये
2022 8.75 करोड़ रुपये 59.86 लाख रुपये
2023 40.70 करोड़ रुपये 3.94 करोड़ रुपये
2024 114.92 करोड़ रुपये 12.68 करोड़ रुपये
2025 132.27 करोड़ रुपये 29.36 करोड़ रुपये
2026* 89.22 करोड़ रुपये 26.04 करोड़ रुपये
कुल 389.54 करोड़ रुपये 72.71 करोड़ रुपये

नोट: 2026 के आंकड़े 20 अक्तूबर तक के हैं।


 

साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए बरतें ये सावधानियां
  • बैंक अधिकारी या पुलिस बनकर कॉल करने वाले किसी भी व्यक्ति को ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी या पासवर्ड न बताएं।
  • पुलिस, सीबीआई, ईडी या जज बनकर गिरफ्तारी की धमकी देने वाली वीडियो या फोन कॉल के झांसे में न आएं।
  • आधिकारिक बैंकिंग एप और वेबसाइट का उपयोग करें। पब्लिक वाई-फाई पर वित्तीय लेनदेन न करें।
  • अज्ञात मैसेज, ईमेल या व्हाट्सएप पर केवाईसी अपडेट या मुनाफे के लिंक पर क्लिक न करें।
  • बैंक, ईमेल और व्हाट्सएप पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन रखें। मजबूत पासवर्ड बनाएं। फोन-कंप्यूटर के सॉफ्टवेयर नियमित अपडेट करें।  

डर, लालच और लापरवाही के कारण ठगे
ठग सीबीआई, पुलिस, कस्टम या आयकर अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर पैसे ऐंठते हैं, जबकि कानून में ऐसी कोई प्रक्रिया नहीं है। इसके अलावा शेयर बाजार व गोल्ड में अधिक मुनाफे का लालच देकर भी लोगों को फंसाया जा रहा है। बुजुर्गों और पेंशनरों को पेंशन बंद होने या बैंक खाता अपडेट करने के नाम पर झांसा दिया जा रहा है।

इस साल 26 करोड़ होल्ड
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार पीड़ित शिकायत करने में देरी कर देते हैं, जिससे ठग रकम को कई बैंक खातों में ट्रांसफर कर निकाल लेते हैं। इसके बावजूद पुलिस ने वर्ष 2026 में 20 अक्तूबर तक 26.04 करोड़ रुपये होल्ड करवाए गए हैं। लियन (होल्ड) का प्रतिशत वर्ष 2021 के 2.43 फीसदी से बढ़कर 2026 में 29.19% तक पहुंच गया है।

साइबर अपराधी अब एआई और डीपफेक तकनीक से अपनों की आवाज व चेहरे की नकल कर दुर्घटना या मेडिकल इमरजेंसी के बहाने पैसे ठग रहे हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को ऐसी कॉल पर आंख मूंदकर भरोसा न करने की सलाह दी है।  

ठग सोशल मीडिया से फोटो, वीडियो और आवाज के नमूने लेकर परिचित या वरिष्ठ अधिकारी बनकर कॉल करते हैं और मानसिक दबाव बनाकर तुरंत रकम मांगते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी कॉल पर पहले से मौजूद पुराने नंबर पर सामान्य कॉल कर पहचान जरूर पुख्ता करें। इसके अलावा पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट और गिरफ्तारी की धमकी देकर ठगी के मामले भी बढ़े हैं। 
विज्ञापन

संचार साथी और 1930 पर करें शिकायत
एएसपी साइबर क्राइम नरवीर सिंह राठौर ने बताया कि संचार साथी पोर्टल की 'चक्षु' सुविधा पर संदिग्ध कॉल व मैसेज की शिकायत करें। यहां अपने नाम पर जारी सिम जांचने और गुम मोबाइल ब्लॉक करने की सुविधा भी है। ऑनलाइन शिकायत cybercrime.gov.in पर करें, जबकि वित्तीय ठगी होते ही हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर बैंक को सूचित करें।

पैसे लेने के लिए यूपीआई पिन की जरूरत नहीं
डीजीपी अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि डर और जल्दबाजी में फैसला न लें। ओटीपी, पासवर्ड या यूपीआई पिन साझा न करें, क्योंकि पैसे प्राप्त करने के लिए पिन की जरूरत नहीं होती। अनजान लिंक, क्यूआर कोड व एपीके फाइल से बचें और ठगी होने पर ट्रांजेक्शन आईडी व स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें