हिमाचल सरकार ने सूबे में चुनाव आचार संहिता लागू होने से कुछ घंटे पहले आम लोगों को बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया है।
सरकार ने दो दिन पहले सीमेंट की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने के लिए कंपनियों को निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में एसीसी और अंबुजा सीमेंट कंपनियों के अधिकारियों से हुई बैठक के बाद इस बारे सहमति बन गई है।
सीएम ने एसीसी, अंबुजा कंपनियों के साथ अल्ट्राटेक (जेपी) कंपनी को भी सीमेंट के रेट नहीं बढ़ाने के लिए कहा गया है। बता दें कि एसीसी और अंबुजा ने पांच रुपये प्रति बैग की बढ़ोतरी की है।
अल्ट्राटेक कंपनी दो रुपये बढ़ोतरी के बाद पांच रुपये और सीमेंट महंगा करने जा रही थी। सरकार के इस फैसले से सीमेंट के दाम 5 रुपये कम हो सकते हैं।
अमर उजाला ने 11 अक्तूबर के अंक में चुनाव से पूर्व सीमेंट 5 रुपये महंगा करने की खबर प्रकाशित की थी। पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल और कैबिनेट मंत्री जीएस बाली ने इस निर्णय को अनुचित करार दिया था।
वीरवार को सरकार ने सीमेंट कंपनियों के साथ बैठक की। इसमें परिवहन मंत्री जीएस बाली, अतिरिक्त मुख्य सचिव तरुण श्रीधर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में फैसला लिया गया कि सीमेंट के रेट बढ़ने से आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इसे वापस लिया जाएगा।