विधानसभा चुनावों में लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी और उन्हें चुनाव संबंधी सारी जानकारी आसानी से मुहैया कराने के लिए प्रदेश चुनाव विभाग ने एक नया ऐप तैयार किया है। ‘हिमाचल जनमत 2017’ नाम के ऐप के जरिये कोई भी व्यक्ति वोटर लिस्ट से लेकर पोलिंग स्टेशन ढूंढने, प्रत्याशियों की जानकारी हासिल कर सकता है।
इसके अलावा चुनावी प्रक्रिया को समझने के लिए भी उसे कहीं और जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत ने बताया कि विभाग के विभिन्न प्रयासों के चलते 15 सितंबर तक 1.25 लाख नये मतदाता मतदाता सूचियों में शामिल किए गए जिनमें 18 से 19 वर्ष के 40 हजार 567 ऐसे मतदाता हैं जो पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे।
राजपूत ने बताया कि इस नए ऐप में पूर्व के सभी ऐप समाहित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस ऐप के माध्यम से प्रदेश के सभी नागरिक विधानसभा चुनावों से संबंधित सभी जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस ऐप के तहत प्रदेश का कोई भी
नागरिक किसी भी समय ईवीएम के प्रयोग की जानकारी और वीवीपैट से डाले गए वोट की जानकारी हासिल कर सकेगा। इसी ऐप के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक मतदान केंद्रों में मुहैया करवाई जाने वाली विद्युत, पानी, शौचालय आदि विभिन्न मूलभूत सुविधाओं की जानकारी हासिल करने के साथ-साथ लोगों की जागरूकता से संबंधित वीडियो भी देख सकेंगे।
पोस्टर बैनर हटने का काम शुरू
प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही सरकारी व गैर सरकारी होर्डिंग पोस्टर हटाने का काम शुरू हो गया है। आयोग के निर्देश पर सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों ने रिटर्निंग अफसरों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके बाद अब प्रदेश के
अफसरों ने बसों, सड़कों के किनारे लगी होर्डिंगों के अलावा सरकारी दफ्तरों में लगे बैनर पोस्टरों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। साथ ही वॉल राइटिंग पर वाइट वॉश का काम भी शुरू हो गया है। सीईओ ने कहा कि बिना अनुमति के किसी भी तरह की प्रचार सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।