हिमाचल प्रदेश में कोरोना की रफ्तार कम होती नहीं दिख रही। गुरुवार को प्रदेश में 59 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई। कांगड़ा जिले में 15, ऊना 13, मंडी 11, शिमला पांच, सिरमौर चार, सोलन पांच, चंबा में चार, कुल्लू और हमीरपुर में एक-एक संक्रमित ने दम तोड़ दिया। उधर, प्रदेश में 4134 लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कांगड़ा जिले में 1279, सोलन 452, चंबा 374, बिलासपुर 321, मंडी 386, हमीरपुर 330, शिमला 271, सिरमौर 379, ऊना 171, कुल्लू 86, किन्नौर 32 और लाहौल-स्पीति में 30 नए मामले आए हैं। कुछ जिलों का आंकड़ा आनी बाकि है।
कहां कितने सक्रिय केस
इसके साथ ही प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 150673 पहुंच गया है। इनमें से अब तक 102499 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सक्रिय कोरोना मामले अब 40008 हो गए हैं और 2118 संक्रमितों की मौत हुई है। बिलासपुर में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 2962, चंबा 2198, हमीरपुर 2995, कांगड़ा 12258 , किन्नौर 420, कुल्लू 963, लाहौल-स्पीति 279, मंडी 4567, शिमला 3557, सिरमौर 3271, सोलन 4041 और ऊना जिले में 2497 पहुंच गई है। बीते 24 घंटों में 3817 संक्रमित ठीक हुए हैं। इस दौरान कोरोना की जांच के लिए 17404 लोगों के सैंपल लिए गए।
धौलाकुआं में कंपनी के 65 कर्मचारी पॉजिटिव
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर के तहत धौलाकुआं स्थित एक कंपनी में एक साथ 65 कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पांवटा, धौलाकुआं समेत आसपास कंपनियों में से 130 कर्मचारियों के कोरोना टेस्ट लिए थे, जिनमें से धौलाकुआं की एक कंपनी के 65 कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राजपुर के बीएमओ डॉ. अजय देओल ने बताया कि धौलाकुआं की एक कंपनी से 65 कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कोरोना के चलते पुलिस जवान ने स्थगित किया शादी समारोह
कोरोना महामारी के बीच कई लोग मिसाल बनकर सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस विभाग में कार्यरत एक जवान ने अपने शादी समारोह को स्थगित कर दिया है। कोरोना के खतरे को देखते हुए आनी के दलाश गांव के अजय ठाकुर ने यह निर्णय लिया है। अजय की जिस लड़की से शादी होनी है, वह भी पुलिस विभाग में हैं। दोनों की वीरवार को शादी होनी थी लेकिन कोरोना के खतरे के बीच इस जोड़े ने सात फेरे लेना अभी उचित नहीं समझा।
पालमपुर के डीएसपी और बैजनाथ की एसडीएम कोरोना पॉजिटिव
पालमपुर के डीएसपी अमित शर्मा व बैजनाथ की एसडीएम छवि नांटा दोनों कोरोना पॉजिटिव आए हैं। छवि डीएसपी अमित की पत्नी हैं। हालांकि, छवि नांटा पिछले कई दिनों से छुट्टी पर चल रही हैं। वह इन दिनों अपने घर शिमला में आईसोलेट हैं। जबकि डीएसपी अमित शर्मा पालमपुर में अपने सरकारी आवास पर आइसोलेट हैं।