भाजपा ज्वाइन करे ज्ञानेश कुमार, वो देश के गद्दार : रजनी
कांग्रेस नेताओं ने एसआईआर और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और उनके इस्तीफे की मांग भी उठाई। प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि एसआईआर के विरोध में सोमवार और मंगलवार को प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भाजपा ज्वाइन कर लेनी चाहिए। वो देश के गद्दार हैं। तीन साल से राहुल गांधी चुनावों में गड़बड़ी को लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं। चुनाव आयोग संविधान को खत्म करने का काम कर रहे हैं। उनके साथियों ने ही उनके खिलाफ आरोप लगा दिए हैं। कांग्रेस इस लड़ाई को आम जनता तक लेकर जाएगी।
आरोप चुनाव आयोग पर लग रहे, जवाब बीजेपी क्यों दे रही : मुकेश
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वोट चोरी के आरोप चुनाव आयोग पर लग रहे हैं, जवाब बीजेपी क्यों दे रही है। भाजपा के राज में देश में सरकारें चाेरी हो रही हैं, कोर्ट चोरी हो रहे हैं। इस पूरी गड़बड़ी का सबसे बड़ा दोषी चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार हैं। 10 महीने में 14 बार आपत्ति के बावजूद ज्ञानेश कुमार ने मनमानी की। 13 करोड़ वोटरों को वोट डालने से रोका गया है, 30 राज्यों में गड़बड़ी हुई है। यह देशद्रोह है, मुकदमा दर्ज कर ज्ञानेश को जेल में डाला जाना चाहिए।