हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा से शहरी निकाय चुनावों में खड़े अपने सभी प्रत्याशियों की सूची जारी करने को कहा है। जिसमें वह 70 प्रतिशत अपनी जीत का दावा कर रही है। भाजपा का यह दावा पूरी तरह झूठा और लोगों को गुमराह करने वाला है। राठौर ने भाजपा को चुनौती दी कि वह नगर निगमों के चुनाव पार्टी चिन्ह पर करवा कर देख लें, उसे अपनी लोकप्रियता का पता चल जाएगा। कांग्रेस का विजय रथ अब चल पड़ा है और 2022 क चुनावों में यह अपनी जीत का परचम लहराएगा। प्रदेशाध्यक्ष राठौर ने भाजपा पर इन चुनावों में धनबल और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों ने भाजपा को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि शिमला, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, चंबा और सोलन जिलों में कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत ही अच्छा रहा है। कुछ जगह कांग्रेस मामूली अंतर से हारी है।
कांग्रेस के साथ जनबल है और नगर निकाय चुनाव परिणाम उनके पक्ष में आए हैं। उन्होंने भाजपा पर सोची समझी रणनीति के तहत रोस्टर से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेता, मंत्री और कुछ अधिकारी निर्दलीयों के साथ कांग्रेस समर्थित लोगों को भी अपने पक्ष में करने के लिए प्रलोभन दे रहे हैं। इसके अलावा वह दबाब बनाने की कोशिश में जुट गए हैं। कांग्रेस लोकतंत्र की हत्या नही होने देगी और उसकी इस पर कड़ी नजर है। नगर परिषद ठियोग में कांग्रेस ने 25 साल बाद शानदार जीत हासिल की। राठौर ने कहा कि देश मे भाजपा चोर दरवाजे से लोकतंत्र की हत्या करती आई है। कांग्रेस लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देगी। निर्दलीयों को मिला जनमत भाजपा के खिलाफ है। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी को हराया है। ऐसे में भाजपा का यह दावा की निर्दलीय उनके हैं, पूरी तरह झूठा है। उन्होंने निर्दलीयों से भी भाजपा के किसी भी दबाव में न आने को कहा।