लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम का एलान कर सकती है। इसके लिए पार्टी ने 31 जनवरी तक लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बिलासपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि अभी संगठन में कोई बदलाव नहीं होगा, लेकिन जो लोग निष्क्रिय हैं उनकी जगह काम करने वालों को मौका दिया जाएगा।
राठौर ने कहा कि पदभार संभालने के बाद उन्होंने शिमला, ऊना और हमीरपुर सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा किया है। इस दौरान पाया कि लोगों का भाजपा से मोहभंग हो रहा है और वे कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में एम्स यूपीए सरकार की देन है। कांग्रेस वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर जल्द प्रदेश में कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।