लोकसभा चुनाव 2019 से पहले प्रदेश कांग्रेस में विभिन्न कमेटियां बनाने का फैसला लिया गया है। हाईकमान के फरमान के बाद दिल्ली में सभी राज्यों के प्रदेशाध्यक्षों, सीएलपी नेताओं और महासचिवों को बुलाया गया है। दूसरे दौर की बैठक वीरवार को बुलाई गई है। इसमें पार्टी से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा की जानी है। बैठक में सिर्फ प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को मौजूद रहने को कहा है।
दिल्ली में रकाबगंज में कांग्रेस नेताओं की बुधवार को पहले दौर की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू, सीएलपी नेता मुकेश अग्निहोत्री सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव और प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी नेताओं से राज्य में लोकसभा चुनाव को लेकर की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। इसके अलावा यह भी जानकारी ली गई कि पार्टी से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने में कितनी सफलता मिली है।
कांग्रेस की शक्ति एप से अभी तक कितने लोगों को जोड़ा जा सका है। इस एप से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए भविष्य में क्या कदम उठाए जा सकते हैं। पार्टी सूत्रों यह भी मालूम हुआ है कि लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी की समन्वय, मीडिया, प्रचार और छंटनी कमेटियां तैयार होंगी। इन कांग्रेस की प्रत्येक कमेटी में 5 से 9 सदस्य शामिल रहेंगे।