हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू के सेक्टर 5 में शराब बनाने वाली कंपनी को हरियाणा की कंपनियों के लिए शराब बनाने पर राज्य कर एवं आबकारी विभाग (प्रवर्तन) ने सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि कंपनी का अप्रैल से लाइसेंस भी रिन्यू नहीं हुआ था और कंपनी बिना लाइसेंस के ही शराब का उत्पादन कर रही थी। राज्य कर एवं आबकारी विभाग की प्रवर्तन टीम ने कंपनी में सोमवार को दबिश दी। राज्य कर एवं आबकारी विभाग ( प्रवर्तन) के अतिरिक्त आयुक्त उज्ज्वल राणा के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम ने दबिश दी। इस दौरान कंपनी में 9000 बल्क लीटर ईएनए (एक्सट्रा न्यूट्रल एल्कोहल, जिससे शराब बनती है) का स्टॉक कम बरामद हुआ। इससे स्पष्ट है कि इस ईएनए का हरियाणा राज्य की शराब कंपनी के लिए शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।