हमीरपुर में खुलेगा ट्रांसपोर्ट विंग और अर्बन डेवलपमेंट कार्यालय : सुखविंद्र
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हमीरपुर में दो नए प्रदेश कार्यालय खोले जाएंगे। इनका संचालन हमीरपुर के नए बस अड्डे से होगा। इसकी औपचारिकताएं पूरी की की जा चुकी हैं। इसमें एक कार्यालय ट्रांसपोर्ट का बड़ा विंग है। जितने भी चालान होंगे, ऑनलाइन सिस्टम से होंगे। वहीं अर्बन डेवलपमेंट का कार्यालय भी खोला जाएगा। सीएम ने कहा कि भाजपा हिमाचल विरोधी हो चुकी है। पूर्व सरकार में पांच साल तक प्रदेश की संपदा को लुटाया। पूर्व जयराम सरकार में बहुत वित्तीय कुप्रबंधन हुआ। अपने दोस्तों और मित्रों के लिए एक हजार करोड़ रुपये की खाली बिल्डिंग छोड़ गए। यह बात सीएम ने हमीरपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान कही। उन्होंने बताया कि पूर्व सरकार 70,680 करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ गई। अब हमें कर्ज चुकाने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है। इस वर्ष हमें दस हजार करोड़ रुपये ऋण लेना पड़ेगा। हमें तीन साल में आरडीजी 17 हजार करोड़ रुपये मिला है। पूर्व सरकार को करीब 54 हजार करोड़ आरडीजी मिला। आरडीजी किसी सरकार का अधिकार नहीं है। यह हिमाचल की जनता का अधिकार है। जयराम ठाकुर आरजीडी बंद होने पर तुरंत जनता को बोल रहे हैं कि चुनाव के लिए तैयार हो जाएं। सीएम ने बताया कि सीबीएसई स्कूलों से बच्चों को बेहतर पढ़ाई मिलेगी। म्यूजिक, ड्राइंग के अध्यापक रखे जाएंगे। अगर कहीं पर एचपी बोर्ड संबद्धता स्कूलों की जरूरत होगी, उस पर भी सरकार विचार कर रही है।