दिवाली के मौके पर हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग के सैकड़ों अधिकारियों और शिक्षकों को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने विभाग में 675 अधिकारियों की पदोन्नति को मंजूरी प्रदान की है। इस फैसले के तहत 52 हेडमास्टरों को प्रिंसिपल और 623 टीजीटी व लेक्चरर्स को हेडमास्टर के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पदोन्नति का लाभ बिना किसी देरी के दिया जाए और सभी पदोन्नत अधिकारी जल्द अपने नए पदों पर कार्यभार संभालें।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग से पदोन्नति से संबंधित फाइल तत्काल मंगवाई थी। विभाग की ओर से फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचाई गई, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने उस पर तुरंत निर्णय लेते हुए पदोन्नति को मंजूरी दे दी। इस फैसले से शिक्षा विभाग में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे अधिकारियों और शिक्षकों को राहत मिली है।
52 हेडमास्टर बनेंगे प्रिंसिपल
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद शिक्षा विभाग के 52 हेडमास्टरों को प्रिंसिपल के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। इसके अलावा 623 टीजीटी और लेक्चरर्स को हेडमास्टर बनाया जाएगा। इस तरह कुल 675 अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पदोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने में किसी तरह की देरी न की जाए। इससे स्कूलों में लंबे समय से खाली पड़े नेतृत्व और प्रशासनिक पदों को भरने में मदद मिलेगी।