नशा माफिया के लिए कोई स्थान नहीं: सुक्खू
उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की कमाई का हर रुपया अब जनता का होगा। उन्होंने कहा कि नशे की कमाई से बनाई गई संपत्ति वास्तव में उन परिवारों की कीमत पर अर्जित होती है, जिनके बच्चे इस गंभीर सामाजिक बुराई का शिकार हो जाते हैं। नूरपुर में जब्त की गई संपत्तियों में आलीशान कोठी, भूमि, होटल, दुकानें, वाहन और बैंक खाते शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई नशा माफिया के लिए स्पष्ट संदेश है कि प्रदेश में उनके लिए कोई स्थान नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की कार्रवाई केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। सरकार का लक्ष्य नशे के पूरे नेटवर्क, उसकी आर्थिक व्यवस्था और उससे अर्जित अवैध संपत्ति को पूरी तरह ध्वस्त करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को इस दिशा में पूरी स्वतंत्रता दी गई है तथा उन्हें राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
नूरपुर में अब तक 17 मामलों में 29.95 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की
पुलिस जिला नूरपुर में अब तक 17 मामलों में 29.95 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। यह नशा माफिया के विरुद्ध प्रदेश सरकार की सख्त नीति और पुलिस की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और इसे नशे की गिरफ्त में फंसाने के प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी।
आदतन अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद पीआईटी-एनडीपीएस कानून को लागू कर आदतन अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है और उन्हें सलाखों के पीछे भेजा गया है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी सूचना को पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समाज को इस गंभीर बुराई से मुक्त किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर तक नशा माफिया की मैपिंग की गई है और नशे तस्करी के कारोबार से जुड़े लोगों तथा उनके नेटवर्क के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ लड़ाई को प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगी।