मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर हिमाचल प्रदेश के लंबित मुद्दों पर चर्चा की। सुक्खू ने शानन जल विद्युत परियोजना के पट्टे की अवधि पूर्ण हो जाने पर इसके अधिकार राज्य सरकार को वापस दिलवाने और इस मुद्दे का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से बीबीएमबी के पास कई वर्षों से लंबित बकाया राशि को शीघ्र जारी करवाने का अनुरोध किया। कहा कि वर्षों से लंबित राशि न मिलने के कारण राज्य को भारी नुकसान हो रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पीति में मेगा सोलर पार्क के लिए भी सहायता का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया और अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह के अलावा वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे। ब्यूरो