हिमाचल प्रदेश में बारिश ने तबाही मचाई हुई है। कुल्लू, मंडी, लाहौल-स्पीति व चंबा जिले में बादल फटे हैं। छह जगह बादल फटने से भारी तबाही मची है। प्रदेश में 50 लोग लापता हो गए हैं। अभी तक पांच शव बरामद हो चुके हैं। 47 घर, 10 दुकानें, 7 पुल, तीन स्कूल, एक डिस्पेंसरी, बस अड्डा, 18 वाहन, दो बिजली प्रोजेक्ट और एक बांध बह गया है। मंडी जिले में 35 लोग सुरक्षित बचाए गए हैं। बादल फटने की घटना के बाद मंडी के पधर के सभी स्कूल और शिक्षण संस्थान आज बंद कर दिए गए हैं। डीसी ने आदेश जारी किए हैं। कुल्लू में भी सभी शिक्षण संस्थान 2 अगस्त के लिए बंद कर दिए गए हैं।
चौहार घाटी के दुर्गम गांव राजवन में बुधवार रात करीब 12:00 बजे बादल फटने के बाद तबाही मच गई। पानी व मलबे की चपेट में आकर तीन घर बह गए। इस त्रासदी में तीन घरों में मौजूद 12 लोग लापता हो गए। हालांकि, बाद में दो घायल अवस्था में मिले। जबकि तीन लोगों के शव बरामद हुए हैं। सात लोग अभी भी लापता हैं। डीसी अपूर्व देवगन और रेस्क्यू टीमें पैदल ही प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना की गईं। मौके पर मौजूद स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है। सड़कें और रास्ते टूटने के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत आ रही है।
।
सीएम ने अधिकारियों के साथ की बैठक
बादल फटने की घटना से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के लिए अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को हेलीकॉप्टर के से रवाना होंगे। गुरुवार को खराब मौसम के चलते उड़ान नहीं हो पाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक की सूचना के अनुसार 50 लोग लापता हैं। अधिकारियों के साथ बैठक ली है। राजस्व मंत्री से संपर्क में हैं। हिमाचल के लोगों से अनुरोध कि वे नदी-नालों के किनारे न जाएं। एयरफोर्स को भी तैयार रहने को कहा है। कहा कि सभी अधिकारी जायजा ले रहे हैं। राजस्व मंत्री के साथ मौके के लिए रवाना हुए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात हुई है। उन्होंने एनडीआरएफ की दो टीमें भेजने को कहा है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी बात हुई है। प्रदेश की स्थिति नियंत्रण में है। जान-माल की क्षति हुई है। हम इस चुनौती को युद्ध की तरह लड़ रहे हैं। केंद्र से आग्रह किया कि आपदा में मदद करें।
14 टीमें हिमाचल में तैनात: मोहसिन शाहिदी
एनडीआरएफ के डीआईजी मोहसिन शाहिदी ने हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटना पर बताया कि एनडीआरएफ की करीब 14 टीमें हिमाचल में तैनात हैं। कुल्लू, मंडी, शिमला में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। आज सुबह ही हमारी दो टीमें मंडी के लिए तैनात की गई है। कुल्लू में भी बचाव कार्य जारी है। रामपुर में भी बादल फटा है, वहां छह लोगों को बचाया गया है। तीन लोगों की मृत्यु हुई है और 52 लोग लापता हैं।
पीएम मोदी ने प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने को कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश के मंडी में भारी बारिश और बादल फटने के बाद स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। सूत्रों के अनुसार उन्होंने शीर्ष अधिकारियों से प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने को कहा है। राहत कार्य पूरे जोर-शोर से चल रहे हैं।
बादल फटने से हुई तबाही हृदय विदारक: प्रियंका
प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी और कुल्लू में बादल फटने से कई लोगों की मृत्यु और बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने का समाचार हृदय विदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएम और राज्य प्रशासन की कई टीमें पूरी क्षमता के साथ राहत व बचाव कार्य में लगी हैं।
उधर, शिमला-कुल्लू सीमा पर बादल फटने से तबाही मची है। कई मकान, स्कूल और अस्पताल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई लोगों के लापता होने की खबर है। राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया है। मौके के लिए एसडीआरएफ की टीम रवाना हो गई है। जानकारी के अनुसार, निरमंड ब्लॉक के झाकड़ी में समेज खड्ड में हाइड्रो प्रोजेक्ट के नजदीक गुरुवार सुबह तड़के बादल फटा है। इससे भारी नुकसान हुआ है। यहां अभी 33 लोग लापता हैं। इसमें 14 स्थानीय, आठ आसपास क्षेत्र, सात हाईड्रो पावर प्रोजेक्ट समेज के कर्मी, चार मजदूर शामिल हैं। अभी तक दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा राहत कार्य तुरंत आरंभ कर दिया है। लापता में शिमला जिले के लोगों की संख्या अधिक है।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एनडीएसआरएफ की टीम, पुलिस, रेस्क्यू दल घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।एसडीएम रामपुर निशांत तोमर घटना स्थल पर पहुंच रहें है। सड़क कई जगह बंद होने के कारण टीम दो किलोमीटर पैदल ही घटना स्थल पर पहुंचने के लिए प्रयास कर रही है।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि आईटीबीपी, स्पेशल होम गार्ड की टुकड़ी को भी रेस्क्यू दल में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू कार्यों में सारी टीमें एक जुट होकर कार्य कर रही हैं। एंबुलेंस सहित सभी आधारभूत सुविधाएं रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल की गई है। चक्कीमोड़ के पास मलबा आने से एनएच बाधित हो गया था। अब जेसीबी की मदद से हटाया जा रहा है।
कुल्लू जिले के मलाणा नाले में भारी बारिश के दौरान बादल फटने से मलाणा वन और मलाणा टू पावर प्रोजेक्ट को भारी क्षति पहुंची है। भारी बारिश के बाद पार्वती नदी का भी जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बढ़ गया है। जिया, भुंतर सहित नदी तट पर लगते तमाम क्षेत्रों से लोगों को अपने घर खाली कर सुरक्षित जगह जाने की अपील की गई है। इसके साथ-साथ ही व्यास और तीर्थन नदियों में भी जलस्तर बढ़ा हुआ है। सभी से नदी नालों से सुरक्षित स्थानों पर रहने के लिए अपील की गई है।
श्रीखंड क्षेत्र के नैन सरोहबर और भमडवारी नाले में बादल फटने से बागीपुल, केदस, समेज आदि क्षेत्रों में तबाही का तांडव हुआ है। बागीपुल में 8-10 मकान बह गए हैं। इसमें पटवार खाना, होटल, दुकानें भी शामिल हैं। बागीपुल में सात से 10 लोगों के लापता होने की सूचना है। इसमें एक ही परिवार के सात लोग लापता बताए जा रहे हैं। तहसीलदार मौके पर हैं। कोयल खड्ड तक सर्च अभियान शुरू किया जा रहा है। निरमंड में कई पुल बह गए हैं, अधिकतर सड़कें बंद हैं। बागीपुल में बस स्टैंड का नामोनिशान मिट गया है। 15 गाड़ियां पानी में बह गई हैं। तहसीलदार जय गोपाल शर्मा ने बताया कि अब तक दो शव बरामद हुए हैं। कोयल खड्ड में महिला का क्षत-विक्षत शव मिला है। कुरपुण के साथ लड़के शव मिला है।
जेपी नड्डा ने सीएम सुक्खू से की बात
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बादल फटने से हुए भारी नुकसान और जनजीवन अस्त-व्यस्त होने के बाद केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की और जानकारी ली। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। जेपी नड्डा ने पूर्व सीएम और विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से भी बात की और सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को राहत कार्यों में जुटने का निर्देश दिया।
चंबा के राजनगर में 20 गाड़ियां मलबे में दबीं
चंबा जिले की राजनगर पंचायत के रूपणी नाले में बुधवार रात 1:00 बजे बादल फटने से भारी तबाही मच गई। बादल फटने के बाद टनों के हिसाब से आए मलबे की जद में आने से 20 गाड़ियां दब गईं। इसके अलावा लिंक मार्ग रूपणी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह उपमंडलाधिकारी चंबा अरूण शर्मा अपनी टीम के साथ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। एसडीएम चंबा ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद प्रभावितों को नुकसान अनुरूप सहायता प्रदान करने को लेकर आश्वस्त किया। बादल फटने से क्षेत्र में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं है।
अमित शाह ने सीएम सुक्खू से की बात, हर मदद देने का आश्वासन
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से फोन पर बात कर राज्य में बादल फटने से हुए उत्पन्न हुई स्थिति की जानकारी ली। गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री को राहत और बचाव कार्य में मदद के लिए एनडीआरएफ की तैनाती सहित केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। हिमाचल सरकार की ओर से आपदा में 24 घंटे जनता की मदद के लिए जिला स्तर पर टीम बनाई गई है। सीएम सुक्खू ने कहा कि टीम किसी भी आपात स्थिति में लोगों की मदद करेगी।
सीएम सुक्खू खुद कर रहे राहत व बचाव कार्यों की निगरानी
वहीं, सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शिमला की रामपुर तहसील, मंडी जिले की पधर तहसील और कुल्लू के गांव जाओन, निरमंड में बादल फटने से 50 से अधिक लोगों के लापता होने का दुखद समाचार मिला है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ पुलिस, होम गार्ड और दमकल की टीमें राहत, खोज और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। स्थानीय प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य को सुचारू रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं अधिकारियों से संपर्क में हूं और राहत व बचाव कार्यों की निगरानी कर रहा हूं। राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बादल फटने से मलाणा-एक डैम टूटा, जान बचाकर भागे लोग
गुरुवार सुबह करीब 6:00 बजे मलाणा-1 पावर प्रोजेक्ट का डैम टूटने के बाद मलाणा नदी में तबाही का मंजर देखने को मिला। प्रोजेक्ट को मलाणा नाला में बादल फटने से भारी क्षति हुई है। बाढ़ से तबाही का मंजर देखकर लोग जान बचाकर भागे। मलाणा में बादल फटने के बाद अब मलाणा, पौहल का संपर्क अन्य भागों से कट गया है। सड़क, बिजली आदि ठप होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बचाव टीम भी मौके पर पहुंची हुई है।
कुल्लू के छरूडू में फंसे नाै लोगों को सुरक्षित बचाया
भारी बारिश के बाद ब्यास नदी में बढ़े जलस्तर के चलते छरूडू में नौ फंस गए थे। इन लोगों को दमकल की टीम ने रस्सी के सहारे सुरक्षित निकाल दिया। यह सभी ट्रक यूनियन के पास छरूडू में रुके हुए थे। इस बीच ब्यास का पानी बढ़ने से यह अचानक फंस गए। गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे सूचना मिलने के बाद दमकल केंद्र कुल्लू से ड्यूटी क्रू वाहन सहित घटनास्थल को रवाना हुई। रस्से की सहायता से सभी नाै लोगों को सुरक्षित स्थान पर निकाला गया। दमकल विभाग के सब फायर ऑफिसर प्रेम भारद्वाज ने कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं। वहीं आलूग्राउंड में भी दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
राहुल गांधी ने सीएम सुक्खू से की बात
वहीं कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शिमला, मंडी और कुल्लू में बादल फटने और भारी वर्षा से कई लोगों के लापता होने पर दुखद जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया में जारी संदेश में कहा- इस कठिन घड़ी में सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से बात कर इस विषम परिस्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं इन घटनास्थलों पर जा रहे हैं और इसी दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और प्रदेश प्रशासन इस संकट की घड़ी में राहत और बचाव कार्यों में प्रतिबद्धता के साथ लगातार काम कर रहे हैं।
ब्यास में बाढ़ से भारी नुकसान, कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे बंद
ब्यास नदी का जल स्तर बढ़ने से मनाली-कुल्लू नेशनल हाइवे बंद हो गया है। बिंदु ढांक में सड़क बह गई है। रायसन में शिरढ़ रिजॉर्ट के पास भी सड़क को नुकसान हुआ है। इसके अलावा पलचान के समीप भी सड़क बह गई है। नेहरूकुंड पुल को खतरा पैदा हो गया है। आलू ग्राउंड सब्जी मंडी में घुस गया। इस दौरान वहां पर फंसे दो लोगों को सुरक्षित बचाया गया। कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे बंद होने से लोगों को लेफ्ट बैंक मार्ग से सफर करना पड़ रहा है
पंडोह डैम से छोड़ा गया पानी, ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ा।
पंडोह डैम से पानी छोड़ने के बाद ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ गया। पंडोह डैम से 82 हजार क्यूसिक प्रति सेकेंड पानी छोड़ा गया। पहले डैम से 1 लाख क्यूसिक प्रति सेकेंड पानी छोड़ा जा रहा था। इससे नदी का पानी पंचवक्त्र महादेव मंदिर तक पहुंच गया। ब्यास नदी ने रौद्र रूपदिखाया। नदी किनारे रह रहे लोगों को अलर्ट रहने को कहा गया है। हालांकि कुछ समय पर बाद नदी का जलस्तर घट गया, इससे लोगों ने राहत की सांस ली।
बादल फटने से जाहलमा नाले में आई बाढ़, ग्रामीणों में दहशत
लाहाैल के जाहलमा नाला में रात करीब 4:34 बजे बादल फटने के बाद आई बाढ़ से क्षेत्र में दहशत का माहाैल हो गया। लिंडूर गांव में ग्रामीण अपने घरों से बाहर भाग गए हैं। इस नाले में रात से लगातार बाढ़ का आना जारी है।इससे जहां लिंडूर, गोहरमा,, रापड़िग, फूड़ा, जाहलमा और हालिंग गांव के सिंचाई की मुख्य कुहल सहित सिंचाई के लिए नाले में लगाए सभी पाइप बाढ़ की भेंट चढ़ गए। जाहलमा नाले की बाढ़ से चंद्रभागा नदी में गाद भर जाने से वामतट पर बसे जोबरंग पंचायत के गांव जोबरंग, रापे और राशेल के ग्रामीणों की भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जाहलमा नाले के बाढ़ से चंद्रभागा नदी में गाद भर जाने से पानी जोबरंग पुल के ऊपर से बहने लगा। इससे जोबरंग पंचायत के लोगों की आवाजाही कुछ घंटे के लिए बंद रही। लाहौल-स्पीति जिले की विधायक अनुराधा राणा ने भी जोबरंग पुल और जाहलमा नाले का मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। लाहौल-स्पीति पुलिस कप्तान मयंक चौधरी ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल नदी-नालों के आसपास न जाएं। उच्च पर्वतीय क्षेत्र में बादल फटने से पिन पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ा है और एक बस बह गई है।
लंबागांव में सड़क धंसी, ट्रक गहरी खाई में गिरा
लंबागांव खंड की मुंगल पंचायत के रोपा गांव के पास सड़क धंसने से ऊना से बैजनाथ गैस सिलिंडर जा रहे ट्रक के करीब 150 फुट गहरी खाई में गिरने से चालक घायल हुआ है। वहीं, उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में बुधवार देर रात को अंधड़ तथा भारी बारिश होने से जहां पर प्रचंड गर्मी से राहत मिली है, वहीं अंधड़ से मक्की की फसल को कुछ स्थानों पर नुकसान भी पहुंचा है। कुछ स्थानों पर मक्की की फसल खेतों में बिछ चुकी है। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया।
समेज में लापता लोगों की सूची
इनमें 4 प्रवासी मजदूर, 8 लोग कंदराहड़ खुश्वा क्षेत्र से, कुल्लू से तीन, 7 कर्मचारी ग्रींको प्रोजेक्ट समेज के और 14 समेज स्थानीय निवासी लापता हैं।
समेज से लापता (प्रवासी श्रमिकों) की सूची
1.ममता पत्नी राज कुमार पांडे निवासी झारखंड
2.मुस्कान पुत्री राज कुमार पांडे निवासी झारखंड
3. रूपनी देवी पत्नी भोला नाथ उराँव, पता झारखंड
4. अंजलि पुत्री भोला नाथ उराँव पता झारखंड।
लापता स्थानीय लोग, स्थान - कुशवा बाइफरकेशन के पास कनराहड़
1.सूरत राम (58) पुत्र स्वर्गीय कौल राम गांव कनराहड़ डाकघर सुगा तहसील रामपुर
2.संतोष कुमारी (54) पत्नी सूरत राम, गांव कनराहड़
3.नीरज कुमार (30) पुत्र सूरत राम गांव कनराहड़
4.रचना (23) पत्नी राजेश कुमार ग्राम कनराहड़ डाकघर सुगा तहसील रामपुर
5.अनीता (40) पत्नी अशोक कुमार गांव कनराहड़ डाकघर सुगा, रामपुर
6. योग प्रिया (11) पुत्री अशोक कुमार ग्राम कनराहड़
7.मुकेश पुत्र अशोक कुमार कनराहड़ पो सुगा तह रामपुर उम्र 19 वर्ष
8.वेद राज (55) पुत्र कौल राम गांव कनराहड़, सुगा तहसील निरमंड कुल्लू
लापता ग्रीनको समेज हाइड्रो एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के कर्मियों की सूची
1.पुष्प देव शर्मा ग्राम खुन्ना रामपुर
2.हरदीप सिंह ग्राम नगरोटा बगवा कांगड़ा
3.हरदेव सिंह ग्राम सैंज, कुल्लू
4.अजय कुमार निवासी शिलाई, सिरमौर
5. भाग चंद निवासी शिंगला रामपुर
6. सिद्धार्थ खेड़ा निवासी कांगड़ा
7.रूप सिंह गांव सिका सेरी सरपारा, रामपुर
समेज से लापता स्थानीय लोगों की सूची
1.शिक्षा (37) पत्नी गोपाल गांव व डाकघर सुगा निवासी रामपुर
2. जिया (15) पुत्री गोपाल
3.कल्पना (34) पत्नी जय सिंह सनैल गांव कांदरी डाकघर फांचा, रामपुर
4. अक्षिता (7) पुत्री जय सिंह स्नैल
5.अद्विक (4) पुत्र जय सिंह सनायल जोड़
6.कृष्णा देवी (70) पत्नी स्वर्गीय पुरुषोत्तम गांव सरपारा, रामपुर
7.श्याम सिंह (39) पुत्र चंदर सिंह गांव समेज
8.आरुषि (13) पुत्री श्याम सिंह गांव समेज
9.अरुण (15) पुत्र श्याम सिंह गांव समेज
10. सरस्वती (33) पत्नी श्याम सिंह गांव समेज
11.तनु केदारटा (15) पुत्री रविंदर केदारनाथ गांव समेज
12. रानू केदारटा (16) पुत्री रविंदर केदारटा
13.आरुषि पुत्री श्याम सिंह ग्राम समेज
14.मंगला देवी (70) पत्नी सुना राम समेज
कुल्लू से लापता लोग
1. नेवता देवी पत्नी प्रेम चंद
2. जीरू राम
3. बेदू पुत्र कौल राम
राज्यपाल ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर जताया दुख
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने हिमाचल प्रदेश के मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में बादल फटने के कारण हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने संबंधित जिलों के उपायुक्तों से फोन पर बात कर प्रभावितों को त्वरित राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापता लोगों को तलाशने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ का दल बचाव कार्य में लगा हुआ है। राज्यपाल ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। राज्यपाल ने लोगों से भी अपील की है कि वह नदी-नालों के समीप न जाएं।
प्रतिभा सिंह ने लोगों से एहतियात बरतने का किया आग्रह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कुल्लू, मंडी व रामपुर में बादल फटने की घटनाओं पर चिंता प्रकट करते हुए लोगों से जानमाल की सुरक्षा व पूरी तरह से एहतियात बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने इन क्षेत्रों में कुछ लोगों के मारे जाने की सूचनाओं और कुछ के लापता होने पर दुख व्यक्त किया है। प्रतिभा ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने व लापता लोगों को सुरक्षित ढूंढने के पूरे प्रयास करने को कहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी आपदा प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने का आग्रह किया है।