हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को राजधानी शिमला में होने जा रही है। धर्मशाला में 16 नवंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र से ठीक पहले होने वाली इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। खासतौर पर सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के प्रस्तावों पर सबकी नजर रहेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक दोपहर ढाई बजे राज्य सचिवालय के शिखर सम्मेलन हॉल में होगी। प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज करने को लेकर सरकार पर लगातार दबाव है। ऐसे में भर्ती से जुड़े प्रस्तावों पर मंत्रिमंडल विचार कर सकता है।
सरकारी भर्तियों के प्रस्तावों पर रहेगी नजर
प्रदेश के विभिन्न विभागों में लंबे समय से पद खाली पड़े हैं। युवाओं की ओर से भी सरकारी भर्तियां जल्द शुरू करने की मांग उठाई जा रही है। ऐसे में आज होने वाली कैबिनेट बैठक में रिक्त पदों को भरने से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की संभावना है। हालांकि, किन विभागों में कितने पदों को भरने की मंजूरी मिलेगी, इस पर बैठक के फैसलों के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।