कैबिनेट विस्तार के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंत्रियों के विभाग बदलने की तैयारी में हैं। गुरुवार को तीनों नए मंत्रियों का मीडिया से परिचय करवाने के बाद मुख्यमंत्री ने इसका इशारा किया है। इसमें मंत्रियों का काम देखा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को राजभवन शिमला में मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्य अतिथि गृह शिमला में पत्रकार वार्ता की।
सीएम ने कहा कि सुखराम चौधरी सरल स्वभाव के, राकेश पठानिया अनुभवी और राजेंद्र गर्ग पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। सीएम बोले, कैबिनेट में 12 लोग हैं, इनमें 11 मेरी पसंद के हैं और 12वां मैं खुद हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में लोकसभा सत्र सितंबर में संभावित है। ऐसे में यहां भी सितंबर में ही सत्र बुलाने की गुंजाइश है। इससे पहले पत्रकारों को पीटरहॉफ में स्क्रीन पर मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह दिखाया गया।
नए मंत्रियों को कमरे अलॉट, फार्च्यूनर गाड़ियां मिलीं
सचिवालय सामान्य प्रशासन ने तीनों नवनियुक्त मंत्रियों के लिए कमरे अलॉट कर दिए। सचिवालय के ग्राउंड फ्लोर जी-21 सुखराम चौधरी, पहली मंजिल पर कमरा नंबर ई-212 राजेंद्र गर्ग और तीसरी मंजिल पर कमरा नंबर ई-321 राकेश पठानिया को अलॉट हुआ है। नए मंत्रियों के लिए फार्च्यूनर गाड़ियां देने के अलावा कोठियों की साफ-सफाई शुरू हो गई है।
बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री विपिन परमार को अलॉट कोठी पठानिया को दी गई है। मंत्री राकेश पठानिया का निजी सचिव ई-320 और स्टाफ ई-323 में बैठेगा। सुखराम का पीएस जी-22 और स्टाफ जी-23 और राजेंद्र गर्ग का पीएस ई-213 और स्टाफ ई-215 में बैठेगा।