मंत्रिमंडल में एक मंत्री पद लंबे समय से खाली
प्रदेश मंत्रिमंडल में एक मंत्री पद लंबे समय से खाली है। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा चल रही है। कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। क्षेत्रीय और राजनीतिक समीकरणों के साथ संगठन में उनकी सक्रियता को देखते हुए उनके नाम पर सहमति बनने की संभावना जताई जा रही है। दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश विधानसभा में उपाध्यक्ष का पद भी रिक्त चल रहा है। विनय कुमार के हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनने के बाद यह पद खाली हुआ था।
सरकार सत्र से नए विधानसभा उपाध्यक्ष का कर सकती है चयन
अब विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए कांग्रेस विधायक आशीष बुटेल का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। 21 अगस्त से राज्य विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होना प्रस्तावित है। ऐसे में सरकार सत्र से पहले या सत्र के दौरान नए विधानसभा उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर सकती है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने रविवार को बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी को समय-समय पर जो भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं, उन्हें पूरा किया जा रहा है।
पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल 16 और 17 अगस्त को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे के दौरान कसौली में पार्टी की दो दिवसीय बैठक की जाएगी। बैठक में प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी के अलावा प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्य शामिल होंगे। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस संगठन और विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।