प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से दो-दो बड़े बहुउद्देशीय मैदान बनाए जाएंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा निर्माण योजना शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। यह मैदान फुटबाल फील्ड के आकार के होंगे।
इनमें जिम की सुविधा भी उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि इस योजना के तहत 15 लाख रुपये तक की राशि सरकार द्वारा वहन की जाएगी। 15 लाख से अतिरिक्त राशि मनरेगा, सांसद निधि और 14वें वित्त आयोग के साथ तालमेल बिठाकर व्यवस्थित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मैदानों के बनने से युवाओं को सामाजिक कार्यों और खेलकूद की ओर आकर्षित किया जा सकेगा। इसके अलावा सरकार ने खेलों में प्रतिभावान बच्चों एवं किशोरों की राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से खेलकूद प्रतिभा खोज कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है।
प्रदेश में आयोजित विभिन्न खेल कार्यक्रमों के आयोजनों के दौरान अनुभवी खेल प्रशिक्षकों की टीम के माध्यम से ऐसी प्रतिभाओं का चयन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए सीनियर राष्ट्रीय, जूनियर राष्ट्रीय, राष्ट्रीय स्कूली व अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों की इनाम राशि को दोगुना करने की भी घोषणा की।