फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी ने तोड़ा 20 साल का रिकार्ड, स्कूल किए बंद

Sat, 28 Jan 2017 08:50 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल में जनवरी महीने में हुई बारिश ने 20 साल पुराना रिकार्ड तोड़ दिया है। साल 1997 के बाद 2017 में जनवरी महीने में सामान्य से 99 फीसदी अधिक बारिश रिकार्ड की गई है। जनवरी महीने में अभी तक प्रदेश में 147.3 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की जा चुकी है।
विज्ञापन


मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया है कि 20 साल बाद पूरे प्रदेश में जमकर बारिश रिकार्ड की गई है। 1997 में 98 फीसदी अधिक बारिश रिकार्ड की गई थी। 30 जनवरी तक प्रदेश में बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।

मनाली, लाहौल, किन्नौर, चंबा और मंडी के कई इलाकों में भारी हिमपात

हिमाचल में जारी भारी बर्फबारी ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। मनाली, लाहौल, किन्नौर, चंबा और मंडी के कई इलाकों में 26 और 27 जनवरी को भारी हिमपात हुआ है। एहतियातन लाहौल, कुल्लू और चंबा में प्रशासन ने शुक्रवार और शनिवार को सभी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। राजधानी शिमला में हालांकि बर्फबारी नहीं हुई लेकिन बारिश के चलते शीतलहर बढ़ गई है। 

प्रदेश में 30 जनवरी तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। रोहतांग में नौ फीट, केलांग में साढ़े चार फुट और पर्यटन नगरी मनाली में 10 इंच तक बर्फबारी रिकार्ड की गई। सोलंगनाला में दो फीट, जलोड़ी दर्रा में दो फीट, उदयपुर में चार फीट, मयाड घाटी में साढ़े पांच फीट, त्रिलोकनाथ में पांच फीट, जाहलमा में साढे़ चार फीट, गोशाल में पांच फीट, कोकसर में छह फीट और दारचा में करीब साढ़े पांच फीट बर्फबारी हुई है। 

लाहौल-स्पीति में बिजली, पानी और दूरभाष सेवा चरमराई

स्पीति मुख्यालय काजा में ढाई फीट, लोसर में चार फीट, किब्बर में साढ़े चार फीट और कुंजम दर्रा में करीब सात फीट बर्फ  गिरने का अनुमान है। लाहौल-स्पीति में बिजली, पानी और दूरभाष सेवा चरमरा गई है। लाहौल घाटी की चिनाव नदी तीन दिनों से पूरी तरह से जम गई है। बर्फबारी के बीच घाटी के कई हिस्सों में हिमखंड गिरने से दहशत बनी हुई है। 

सासे ने जिला प्रशासन को हिमस्खलन की आशंका को लेकर अलर्ट किया है। मंडी जिला के उपमंडल जंजैहली के तहत शिकारी देवी, कमरूनाग, रायगढ़ व मगरूगला की ऊंची चोटियों पर शुक्रवार को 40 से 50 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। जनजातीय जिला किन्नौर के छितकुल और नाको में तीन फीट तक बर्फबारी हुई है। क्षेत्र में कई सड़क मार्ग बर्फबारी के चलते बंद पड़े हैं।

सड़क खोल रहे मजदूर पर गिरा पत्थर

भारी बारिश के चलते भूस्खलन के बाद शुक्रवार को चंबा-भरमौर और चंबा-तीसा मार्गों पर आवाजाही बाधित रही। मार्ग को बहाल करने में जुटे लोक निर्माण विभाग के एक कर्मचारी पर अचानक पत्थर गिरने से वह घायल हो गया। खड़ामुख के पास हुए इस हादसे में पहाड़ी से एक पत्थर मजदूर की बाजू पर आ लगा। चंबा-भरमौर मार्ग पर भारी-भरकम चट्टानें गिरी हैं। 

लाहल व गैहरा में अलग-अलग जगह हुए भूस्खलन की वजह से दोनों ओर यात्री फंस गए हैं। यात्रियों ने जोखिम भरे मार्ग पर पैदल चलकर भूस्खलन ग्रस्त क्षेत्र को पार किया। उधर, चंबा-तीसा मार्ग भूस्खलन की वजह से करीब आधा दर्जन मार्गों पर आवाजाही बाधित हुई है। उपायुक्त सुदेश मोख्टा का कहना है कि प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को जल्द से जल्द मार्ग बहाल करने के निर्देश जारी किए हैं।

मैदानी क्षेत्रों में तूफान ने बढ़ाई मुश्किलें

बीते दो दिनों से प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में जारी बारिश और तूफान ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। तूफान चलने के चलते प्रदेश के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित चल रही है। जिला सिरमौर की 50 से अधिक पंचायतों में बिजली सप्लाई ठप पड़ी हुई है।

सोलन जिला के कसौली और धर्मपुर के दर्र्जनों गांवों में भी बिजली सप्लाई बंद है। चंडीगढ़-शिमला एनएच पर भी बीच-बीच में यातायात बाधित हो रहा है। जिला कांगड़ा के कई क्षेत्रों में भी बिजली सप्लाई प्रभावित है।
विज्ञापन

30 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 30 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया है। शिमला, सोलन सिरमौर, कुल्लू, चंबा, मंडी, किन्नौर और लाहौल स्पीति के कुछ स्थानों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। ऊनस, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा जिला में शनिवार से मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। 

वीरवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 2.7, कल्पा में माइनस 1.0, मनाली में माइनस 0.6, शिमला में 2.6, चंबा में 2.0, मंडी में 3.5, सोलन में 7.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को शिमला में अधिकतम तापमान 8.2, धर्मशाला में 12.4, ऊना में 21.6, नाहन में 15.0, सोलन में 14.0, सुंदरनगर में 17.8, भुंतर में 16.4 और कल्पा में 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें